मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण, जिला चिकित्सालय में 10 बिस्तरों का नशामुक्ति उपचार केंद्र शुरू करने की तैयारियों की समीक्षा
दंतेवाड़ा, कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनसीओआरडी, एनकार्ड) के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम, अवैध कारोबार पर नियंत्रण तथा नशे से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार एवं पुनर्वास के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण करने तथा नशीली दवाओं की अवैध बिक्री एवं अनधिकृत भंडारण पर विशेष निगरानी रखने को कहा। साथ ही नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में नशामुक्ति अभियान, जब्त मादक पदार्थों के विनष्टीकरण, अवैध कारोबार में संलिप्त वाहनों की नीलामी तथा कोटपा अधिनियम के तहत की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पुलिस, स्वास्थ्य, परिवहन एवं अन्य संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान संचालित करने तथा युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय में 10 बिस्तरों का नशामुक्ति उपचार केंद्र संचालित करने की तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के साथ नशे से प्रभावित व्यक्तियों को समुचित उपचार एवं पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को नियमित निगरानी, प्रभावी कार्रवाई और जनजागरूकता के माध्यम से जिले में नशे के विरुद्ध समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह, अपर कलेक्टर श्री भरतराम ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र खुटे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
