उत्तराखंड: खाई में गिरी यात्री बस, 9 की मौत, 27 घायल, रेस्क्यू जारी

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

ऋषिकेश, उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद में मंगलवार तड़के एक यात्री बस के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार नौ लोगों की मौत हो गयी एवं अन्य 27 घायल हो गये।
हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी विश्वनाथ सेवा की बस गूलर पुल के समीप अनियंत्रित होकर करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड नदी में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि बस के नदी में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 27 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया है। मृतकों में बस चालक और परिचालक भी शामिल हैं। वहीं, चार मृतकों की पहचान की कार्रवाई जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 4:50 बजे चौकी गूलर के माध्यम से थाना मुनिकीरेती को बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। बताया गया कि एक यात्री बस गूलर पुल से नीचे नदी में गिर गई है। सूचना मिलते ही मुनिकीरेती और नरेंद्रनगर थाने की पुलिस, अग्निशमन सेवा नरेंद्रनगर, आपदा राहत दल तथा एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर शुरू किया गया। शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप से जवानों की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया।
हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा के साथ स्थानीय अस्पतालों, निजी अस्पतालों तथा एलएंडटी और नवयुगा कंपनी की एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और बचाव दलों ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अभियान चलाते हुए 27 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर एम्स ऋषिकेश भिजवाया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद महज एक घंटे के भीतर घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई पूरी की गई। हालांकि, इस भीषण हादसे में सात यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक बस विश्वनाथ सेवा की थी। बस तड़के करीब 3:15 बजे हरिद्वार से 34 यात्रियों को लेकर जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। बस का संचालन चालक राजेंद्र सिंह (48) पुत्र कुंदन सिंह, निवासी क्यूरी पोखरी, जनपद रुद्रप्रयाग कर रहे थे। सुबह करीब 4:50 बजे गूलर पुल के समीप बस अचानक पुल से लगभग 120 फीट नीचे गूलर गाड नदी में जा गिरी। बस में चालक और परिचालक सहित कुल 34 लोग सवार बताए गए हैं। हादसे में चालक राजेंद्र सिंह एवं परिचालक अनुज भंडारी की मौत हो गई।
पुलिस द्वारा जारी मृतकों की सूची के अनुसार अब तक पांच लोगों की पहचान हो चुकी है। इनमें विक्की (37) पुत्र सेवाराम, निवासी पावर हाउस, चंदौसी, संभल (उत्तर प्रदेश), पुन्नू (55) पुत्र घुंघरू, निवासी मैखंडी, टिहरी गढ़वाल, राज राय पुत्र द्वारकानाथ राय, निवासी पश्चिम वजीर, जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल, बस चालक राजेंद्र सिंह (48) पुत्र कुंदन सिंह, निवासी क्यूरी पोखरी, रुद्रप्रयाग तथा परिचालक अनुज भंडारी (27) पुत्र अतर सिंह, निवासी बढ़ल, शिवपुरी, मुनिकीरेती, टिहरी गढ़वाल शामिल हैं। शेष चार मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
हादसे में घायल यात्रियों में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों के अलावा झारखंड, बिहार, असम, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के निवासी शामिल हैं। पुलिस की ओर से जारी 27 घायलों की सूची में मोहम्मद वहाब अंसारी, राहुल कुमार, अभिषेक, प्रत्यूष, अर्जुन सौरन, बुधन मुर्मू, आयरा, नूर जहां, राजकुमार, जतिन, पंकज नेगी, संतोष कुमार, वीरेंद्र सिंह, मुन्ना सिंह, सागर, खुशी भट्ट, नवीन, परेश मराठी, आसापंथ, पंकज कांडपाल, अंजू, आर्यन गुप्ता, रमेश चंद, दर्शन सिंह और रामा प्रसाद घोष सहित अन्य घायल यात्रियों के नाम शामिल हैं। घायलों में तीन वर्षीय बच्ची आयरा और 64 वर्षीय आसापंथ भी शामिल हैं। सभी घायलों का एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल से यात्रियों के सामान को सुरक्षित एकत्रित कर चौकी गूलर में रखवाया है, ताकि पीड़ितों के परिजनों को उनका सामान सुपुर्द किया जा सके। वहीं, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *