अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पूरा देश हुआ योगमय

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

दसवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर शुक्रवार को पूरा देश योगमय हो गया और सांस्कृतिक-धार्मिक बंधनों से परे लोगों ने योगाभ्यास करने के साथ स्वस्थ एवं रोगमुक्त जीवन के मूलमंत्र योग को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
संसद भवन परिसर में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अगुवाई में योग दिवस मनाया गया। श्री बिरला ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा , “आज योग सम्पूर्ण विश्व में एक आंदोलन है। पूरी दुनिया भाग्यशाली है कि हमारे पास योग के रूप में ऐसी शक्ति है जो हमारे अंदर संतुलन स्थापित कर हमें कुशल, सक्रिय और स्वाबलंबी बनाता है। पूरे विश्व में योग को स्वीकृति मिल रही है और योग जन-जन के दैनिक जीवन का एक अहम हिस्सा बन गया है।”
दिल्ली में सुबह अनेक स्थानों पर योगाभ्यास का आयोजन किया गया जिसमें हजारों लोगों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने योगाभ्यास के लिए नयी दिल्ली नगर पालिका परिषद, दिल्ली विकास प्राधिकरण तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के साथ करार किया था।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़‌ ने सुबह योगाभ्यास किया और लोगों को शुभकामनाएं देते हुए योग संदेश दिया। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और अन्य नेताओं ने अलग-अलग स्थान पर योग आयोजनों का नेतृत्व किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में विशेष रूप से आयोजित योग शिविर का नेतृत्व किया और देश-दुनिया के लोगों को योद दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी।
श्री मोदी ने इस मौके पर कहा कि संयुक्त राष्ट्र की ओर से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के निर्णय के बाद पिछले एक दशक में दुनिया में योग का तेजी से विस्तार हो रहा है और इससे योग से जुड़ी धारणाएं बदली हैं। आज विश्व के बड़े-बड़े संस्थानों और विश्वविद्यालयों में योग पर अध्ययन चल रहे हैं तथा अनुसंधान-पत्र प्रकाशित किए जा रहे हैं। अब सीमित दायरों से बाहर निकल रहा है। आज दुनिया एक नयी योग इकॉनामी को आगे बढ़ते देख रही है। भारत में ऋषिकेश, काशी से लेकर केरल तक, योग टूरिज़्म का नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है। दुनिया भर से पर्यटक इसलिए भारत आ रहे हैं, क्योंकि उन्हें यहां प्रामाणिक योग सीखना है।
श्री मोदी ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कश्मीर और श्रीनगर का ये वातावरण, ये ऊर्जा और अनुभूति योग से हमें जो शक्ति मिलती है, श्रीनगर में हम उसे महसूस कर रहे हैं। मैं देश के सभी लोगों को, दुनिया के कोने-कोने में योग कर रहे लोगों को कश्मीर की धरती से योग दिवस की बधाई देता हूँ।”
उल्लेखनीय है कि श्री मोदी ने वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रखा था। भारत के इस प्रस्ताव का 177 देशों ने समर्थन किया था जो एक रिकाॅर्ड है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *