मौसम विभाग का अलर्ट: ‘अर्नब’ के कारण आज भी इन राज्यों में बारिश, आ रहा है एक और चक्रवात

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान अर्नब भले ही कमजोर पड़कर धीमा हो चुका हो लेकिन उसका असर अभी भी देश के बड़े भू-भाग पर बरकरार है। झारखंड-ओडिशा से लेकर यूपी और दिल्ली तक गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात गरज-गरज कर बारिश हुई है और शुक्रवार को भी हल्की बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन में कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रातभर हुई बारिश के बाद शुक्रवार सुबह काले बादल छाए रहे और धुंध रही, जिससे मौसम ठंडा हो गया। राजधानी में चार साल में अक्टूबर का सबसे अधिक बारिश वाला दिन दर्ज किया गया, जबकि 2022 के बाद इस महीने में सबसे अधिक बारिश हुई। IMD ने बताया कि मौसम में आए बदलाव से शहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘संतोषजनक’ श्रेणी में पहुंच गई है।

IMD ने अगले कुछ घंटों के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी करते हुए राजधानी के कई हिस्सों में और बारिश तथा गरज के साथ तूफान आने की चेतावनी दी है। दिल्ली में इससे पहले अक्टूबर के किसी एक दिन सबसे अधिक बारिश नौ अक्टूबर 2022 को दर्ज की गई थी, जब 74 मिलीमीटर बारिश हुई थी। उस साल अक्टूबर के पूरे महीने में शहर में कुल 128 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। और बारिश होने के आसार के बीच इस महीने बारिश का आंकड़ा इसके करीब पहुंच सकता है या इसे पार कर सकता है।

पिछले 24 घंटों में इन राज्यों में भारी बारिश

मौसम विभाग ने कहा है कि अर्नब के असर की वजह से पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ में अत्यधिक भारी बारिश (≥21 सेमी) दर्ज की गई है, जबकि ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश (12-20 सेमी) दर्ज की गई है। वहीं गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तराखंड, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तटीय आंध्र प्रदेश में भी भारी बारिश (7-11 सेमी) दर्ज की गई है। उधर, चक्रवात “अर्नब” के प्रभाव से छत्तीसगढ़ और उससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के कारण, आज (30 अक्टूबर को) उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

आ रहा नया तूफान

इस बीच, मौसम विभाग ने एक और तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है। IMD ने कहा है कि शुक्रवार को सुबह 08:30 बजे(IST) दक्षिणी अंडमान सागर और उससे सटे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था। इसके 31 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर के आसपास के क्षेत्रों में एक ‘डिप्रेशन’ (गहरे कम दबाव के क्षेत्र) में तब्दील होने की प्रबल संभावना है। इसके कारण 2 और 3 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

इन राज्यों में भारी बारिश काअनुमान

IMD ने कहा है कि कल खाड़ी के ऊपर लगातार चौथे निम्न दवाब क्षेत्र के बनने के तुरंत बाद, इसके चक्रवात में बदलने की उम्मीद है और इसके एक-दो नवंबर तक चेन्नई के पास उत्तरी तमिलनाडु तट को पार करने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, इसकी वजह से तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में 1 से 5 नवंबर के दौरान खूब बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी 2 और 3 नवंबर को बहुत भारी बारिश का अनुमान है। विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर मॉनसून के सक्रिय और ज़ोरदार बने रहने के बाद से यह खाड़ी के ऊपर बनने वाला लगातार चौथा तंत्र है। पहला अरब सागर के ऊपर और दूसरा दक्षिण तटीय तमिलनाडु के ऊपर बना, जिससे राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत ज़्यादा बारिश हुई। तीसरा चक्रवाती तूफान अर्नब में बदल गया, जो बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश तट को पार कर गया था।

उत्तर-पश्चिम और दिल्ली/एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?

IMD ने कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में 30 अक्टूबर को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे (24-26°C) रहने का अनुमान है। हालांकि, 31 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा। IMD ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम राज्यों खासकर उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 30 अक्टूबर को तेज हवाएं (30-50 किमी/घंटा), चल सकती हैं और बिजली कड़क सकती है। इसके साथ भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *