शराब के नशे में स्कूल में हंगामा, शिक्षक हुआ निलंबित, शिक्षा विभाग की कड़ी कार्रवाई

प्रादेशिक मुख्य समाचार
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड स्थित छातासराई प्राथमिक शाला में एक सहायक शिक्षक के नशे की हालत में स्कूल आने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी फैल गई, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए शिक्षक को निलंबित कर दिया। जानकारी के अनुसार, प्राथमिक शाला छातासराई में पदस्थ सहायक शिक्षक कुष्टोराम भोय कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंच गया था। इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने शिक्षक का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया और ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बन गया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक लंबे समय से कभी-कभी नशे की हालत में स्कूल आता था, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी और शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा था। घटना के बाद गांव के पालक और शाला प्रबंधन समिति के सदस्य सक्रिय हुए और उन्होंने मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों को दी।

उन्होंने संकुल समन्वयक को लिखित पंचनामा सौंपकर शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी भी दी कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं की जाती तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि शिक्षक नशे की हालत में स्कूल परिसर में मौजूद है। पूछताछ के दौरान शिक्षक ने शराब पीने की बात स्वीकार की। उसने कहा कि घर में मेहमान आए हुए थे, इसलिए उसने शराब पी ली थी और उसी स्थिति में स्कूल पहुंच गया। इस दौरान उसने यह भी कहा कि वह बच्चों को पढ़ाने के लिए किताबें निकालकर दे रहा था, हालांकि उसकी स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। मामले की जानकारी शिक्षा विभाग तक पहुंचने के बाद जांच शुरू की गई। लैलूंगा विकासखंड के बीईओ रवि सारथी ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ पहले से भी शिकायतें मिल रही थीं। ताजा शिकायत और वीडियो के आधार पर जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी गई। रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए स्पष्ट किया है कि स्कूल में अनुशासन और बच्चों की शिक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *