समुद्री सुरक्षा पर राष्ट्रपति मुर्मु का बड़ा बयान, बोलीं- यह अर्थव्यवस्था और आम जीवन से जुड़ा मुद्दा है

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

नई दिल्ली, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि समुद्री रास्तों की सुरक्षा देशों की आर्थिक खुशहाली और आम लोगों के रोजमर्रा के जीवन से सीधे जुड़ी है। राष्ट्रपति ने शनिवार को केरलम के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी में ऑटम टर्म-2026 की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण करते हुए यह बात कही।उन्होंने कहा कि जहाजों की आवाजाही में रुकावट से जरूरी सामान की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है और उसकी कीमतें बढ़ सकती हैं।

राष्ट्रपति ने भारतीय तटरक्षक बल और मित्र देशों के प्रशिक्षुओं समेत प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी कैडेटों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पास आउट होने वाले प्रशिक्षुओं में बड़ी संख्या में युवा महिलाओं की मौजूदगी गर्व की बात है। उनकी उपलब्धियां दूसरी युवतियों को बड़े सपने देखने और देश की सेवा में चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रेरित करेंगी।

श्रीमती मुर्मु ने कहा कि आज की आपस में जुड़ी दुनिया में समुद्री क्षेत्र का महत्व लगातार बढ़ रहा है। वैश्विक व्यापार का बड़ा हिस्सा समुद्र के रास्ते होता है। ऐसे में समुद्री मार्गों की सुरक्षा केवल जहाजों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर देशों की अर्थव्यवस्था और आम नागरिकों पर भी पड़ता है।
उन्होंने कैडेटों से कहा कि समुद्र में उनकी सेवा जमीन पर रहने वाले लोगों के जीवन से जुड़ी है। यह लोगों की सुरक्षा, समृद्धि और खुशहाली में सीधे योगदान देती है।
राष्ट्रपति ने कहा कि युवा कैडेटों की ईमानदारी, पेशेवर क्षमता, साहस और संवेदनशीलता भारतीय नौसेना का चरित्र तय करेगी। समुद्र में उन्हें खराब मौसम, लंबे समय तक तैनाती और अनिश्चित परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में कई बार दबाव के बीच कठिन फैसले लेने होंगे। उन्होंने कहा कि नेतृत्व का मतलब केवल आदेश देना नहीं है, बल्कि जिम्मेदारी उठाना, अपने काम से उदाहरण पेश करना और साथ काम करने वालों के साथ खड़े रहना भी है।

राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि कैडेटों का प्रशिक्षण, परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता और प्रतिबद्धता उन्हें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करेगी। उन्होंने कैडेटों से भारतीय नौसेना की सर्वोच्च परंपराओं को बनाए रखने का आग्रह किया और यह भी कहा कि उनकी वर्दी एक अरब से अधिक भारतीयों के भरोसे और उम्मीदों का प्रतीक है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *