गिरजाशंकर स्कूल में गुंडों का तांडव: परिसर में घुसकर की मारपीट और तोड़फोड़

प्रादेशिक मुख्य समाचार

रायपुर। रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में स्थित शासकीय पं. गिरजा शंकर मिश्र हायर सेकेंडरी स्कूल (धरसीवा) परिसर में घुसकर हंगामा, मारपीट और गाली-गलौच करने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर स्कूल प्राचार्य की ओर से डीडी नगर थाने में लिखित शिकायत दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को लगभग दोपहर 12 से 1 बजे के बीच कुछ लोग सुजल गुप्ता, संकल्प राज कमल, आशीष सिन्हा, मन साहू, मोक्ष कुमार और उनके 10 से 12 अन्य साथियों के साथ स्कूल परिसर में पहुंचे। उस समय स्कूल में ‘प्रवेशोत्सव’ कार्यक्रम चल रहा था। आरोप है कि इन लोगों ने कार्यक्रम के दौरान हंगामा किया और मंच के सामने नारेबाजी शुरू कर दी।

स्कूल प्रशासन द्वारा उन्हें परिसर से बाहर जाने को कहा गया, लेकिन आरोप है कि वे नहीं माने और लगातार हंगामा करते रहे। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपियों ने स्कूल भवन के भीतर लगे अग्निशमन यंत्र को उखाड़ने का प्रयास किया और स्टाफ के साथ धक्का-मुक्की की। आरोप है कि जब शिक्षकों और कर्मचारियों ने रोकने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की गई और महिला कर्मचारियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। बीच-बचाव करने आए अन्य स्टाफ के साथ भी कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और धमकियां दी गईं।

प्राचार्य की शिकायत में कहा गया है कि इस पूरी घटना से स्कूल का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हुआ और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। शिकायत में शामिल लोगों के खिलाफ BNS की धारा 191(2), 221, 324(3), 115(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल पर मौजूद स्टाफ और अन्य गवाहों के बयान भी लिए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *