लश्कर आतंकी लतीफ भट मुठभेड़ में ढेर, गृह मंत्री शाह ने सुरक्षा बलों को दी बधाई

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

नयी दिल्ली, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में संयुक्त कार्रवाई के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट के मारे जाने पर सुरक्षा बलों को बधाई दी है और कहा है कि पूरे अभियान में सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच उच्च स्तर का तालमेल देखने को मिला।
श्री शाह ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और खुफिया एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से घाटी में लश्कर-ए-तैयबा के अंतिम ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को आज तड़के कुलगाम में एक अभियान के दौरान मार गिराया गया। उसके एक अन्य आतंकवादी सहयोगी उमर निसार को भी इससे एक दिन पहले मंगलवार कुलगाम में मार गिराया गया था। पूरे अभियान में सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच उच्च स्तर का तालमेल देखने को मिला। राष्ट्र जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों तथा खुफिया एजेंसियों के कर्मियों को सलाम करता है।”
सुरक्षा बलों ने एक स्थानीय मस्जिद में भट के छिपे होने की पुख्ता खुफिया जानकारी मिलने के बाद घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया था। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने भट से आत्मसमर्पण करने की अपील की लेकिन उसने इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी हुई, जिसमें यह आतंकवादी मारा गया। उस पर 15 लाख रुपये का इनाम था।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *