स्वदेशी अपनाना केवल विकल्प नहीं, यह देश के स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का संकल्प है : उपमुख्यमंत्री अरुण साव

प्रादेशिक मुख्य समाचार

विदेशी सामान खरीदकर शत्रु को मजबूत न करें, स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएं : डिप्टी सीएम अरुण साव

स्वदेशी मेला देश के गौरव, परंपरा और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने गुरुवार को बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित स्वदेशी मेले में शामिल हुए। श्री साव ने मेले में विभिन्न राज्यों के स्वदेशी उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों की कलाकृतियों का अवलोकन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री साव ने कहा कि पिछले 17 वर्षों से स्वदेशी मेले की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है। मेले में देश के विभिन्न राज्यों की खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों और औद्योगिक वस्तुओं के 305 स्टॉल लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह मेला देश का स्वाभिमान जगाने, स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण पहल है।

श्री साव ने कहा कि हमारे शिल्पकारों और कारीगरों की मेहनत से तैयार उत्पादों को यदि हम नहीं अपनाएंगे, तो उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति कैसे मजबूत होगी? स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी से स्थानीय कारीगरों, छोटे उद्योगों और उद्यमियों को रोजगार एवं आर्थिक संबल मिलता है। उन्होंने कहा कि केवल स्वदेशी अपनाने का नारा लगाने से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि बाजार जाते समय हमें स्वदेशी उत्पाद खरीदने का संकल्प लेना होगा। इसे अपनी आदत और संस्कार बनाना होगा। तभी देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और विकसित भारत का सपना साकार होगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं पर हमारे सैनिक कठिन परिस्थितियों में रहकर मातृभूमि की रक्षा करते हैं। उनके त्याग और बलिदान का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। हमें अपने दैनिक जीवन में ऐसे उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए, जिनसे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो। विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता बढ़ाकर हम अनजाने में अपने प्रतिस्पर्धियों और शत्रु देशों की अर्थव्यवस्था को मजबूती देते हैं। स्वदेशी उत्पादों को अपनाना देश की सुरक्षा, सैनिकों के सम्मान और राष्ट्रीय स्वाभिमान से भी जुड़ा विषय है।

श्री साव ने कहा कि लंबे समय तक विदेशी शासन के कारण देश का स्वाभिमान और आत्मगौरव प्रभावित हुआ। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने देश के गौरव को पुनर्स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। दुनिया भारत की ओर आशा और विश्वास से देख रही है। भारत की सोच केवल अपने विकास तक सीमित नहीं, बल्कि विश्व कल्याण की है। उन्होंने कहा कि देशवासी स्वदेशी अपनाने का संकल्प लें, तो विकसित भारत के निर्माण की राह और मजबूत होगी। स्वदेशी मेला इसी राष्ट्रीय संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। बता दें कि, 20 नवंबर से शुरू हुआ यह मेला अपने सातवें दिन में प्रवेश कर चुका है और 27 नवंबर को इसका समापन होगा। कार्यक्रम में साहित्य सम्मान से पत्रकार श्री अशोक व्यास जी को पुरस्कृत किया। वहीं अद्वैत फॉर्म को उनके सराहनीय पहल के लियर सम्मानित किया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय सह समन्वयक स्वावलंबी भारत अभियान श्री जितेंद्र गुप्ता जी, मा. विधायक श्री सुशांत शुक्ला जी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी जी, निगम सभापति श्री विनोद सोनी जी, डॉ श्री आशीष जायसवाल जी, श्री राजेश सिंह जी, श्री प्रफुल्ल शर्मा जी, श्री सुशील श्रीवास्तव जी, श्री गुलशन ऋषि जी, श्री कमल सोनी जी एवं स्वदेशी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *