उत्तर प्रदेश की राजनीति में लखनऊ और दिल्ली के रिश्तों को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुलकर जवाब दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन को गौरव का विषय बताते हुए योगी ने कहा कि मोदी जी देश के सर्वमान्य नेता, उनके आदर्श और भारत की गरिमा के प्रतीक हैं। वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर भी योगी ने ऐसा जवाब दिया, जिससे राजनीतिक चर्चाएं तेज हो सकती हैं।
‘मोदी जी हमारे सर्वमान्य नेता और आदर्श हैं’
लखनऊ और दिल्ली के बीच संबंधों को लेकर विपक्ष के कैंपेन पर प्रतिक्रिया देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस तरह की कई चीजों के जरिए नैरेटिव बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी जी उनकी पार्टी के सर्वमान्य नेता और आदर्श हैं। वह भारत की गरिमा के प्रतीक हैं और उन्होंने देश को वैश्विक मंच पर सम्मान दिलाया है।
एबीपी न्यूज के शिखर सम्मेलन में योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विजनरी नेतृत्व हैं और उनके नेतृत्व में नए भारत का दर्शन देश और दुनिया कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन से सभी को गौरव की अनुभूति होती है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन और नेतृत्व सभी के लिए एक बेहतरीन अवसर है।
‘जिनकी दलाली पर लगाम लगाई, वे तो कुछ बोलेंगे ही’
लखनऊ और दिल्ली के रिश्तों में खटास होने के दावों पर योगी ने विपक्ष के आरोपों को नैरेटिव बनाने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि जिनकी दलाली पर उत्तर प्रदेश में लगाम लगाई गई है, वे कुछ न कुछ बोलेंगे ही।
योगी ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे लोगों को बोलने की छूट तो मिलनी चाहिए। उनका यह बयान विपक्ष की ओर से दोनों सरकारों और नेतृत्व के बीच कथित मतभेदों को लेकर चलाए जा रहे अभियान के जवाब के तौर पर आया।
सीएम चेहरे पर बोले योगी- ‘मैं भी कमल के फूल पर ही चुनाव लड़ूंगा’
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर भी योगी आदित्यनाथ ने अपनी बात रखी। उनसे पूछा गया कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पूछे जाने पर ‘कमल का फूल’ जवाब दिया था। इस पर उनका क्या कहना है?
योगी ने जवाब दिया कि कमल के फूल पर तो हर व्यक्ति को चुनाव लड़ना ही है। उन्होंने कहा, ‘मैं भी कमल के फूल पर ही चुनाव लड़ूंगा।’ जब उनसे दोबारा पूछा गया कि मुख्यमंत्री का चेहरा तो कमल का फूल नहीं होगा, तो योगी ने कहा कि कमल का फूल उनके लिए सब कुछ है। इसके बाद उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘और कौन है, कौन नहीं, वो सर्वज्ञात है, हर कोई व्यक्ति जानता है।’
