Rain Alert, IMD Weather Update 25 November: उत्तर भारत के इलाकों में ठंड शुरू हो गई है। सुबह और शाम के समय स्वेटर पहनने का समय आ गया है। हालांकि, दक्षिण भारत समेत कई अन्य हिस्सों में अब भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पू्र्वी हवाओं की वजह से 25 से 27 नवंबर (तीन दिन) के बीच केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में भारी बारिश होने वाली है।
इसके अलावा, पूर्वी भारत की बात करें तो 25-26 नवबर के बीच अंडमान, निकोबार द्वीप समूह में बारिश होगी। 27 नवंबर से एक दिसंबर के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में व्यापक बारिश होगी। एक दिसंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप में भारी बरसात होगी।
कैसा रहेगा दक्षिण भारत के मौसम का हाल
दक्षिण भारत के मौसम की बात करें तो 25 नवंबर से एक दिसंबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में, 29 नवंबर से एक दिसंबर के दौरान केरल, माहे, 29 नवंबर को लक्षद्वीप, 25-28 नवंबर के दौरान तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, 25 नवंबर को उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना में बारिश होगी। 25-28 नवंबर के दौरान केरल, माहे, लक्षद्वीप में काफी व्यापक बारिश होगी।
तमिलनाडु, पुडुचेरी में आंधी तूफान की चेतावनी
25-27 नवंबर के दौरान तमिलनाडु, पुडेचेरी, कराईकल में आंधी तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं के चलने का अनुमान है। इसके अलावा, 25-27 नवंबर के दौरान केरल, माहे, 25-28 नवंबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा में तेज हवाएं चलने वाली हैं। 25-26 नवंबर के दौरान आंतरिक कर्नाटक में आंधी तूफान आने की संभावना है।
असम, मेघालय, नगालैंड में भी होगी बारिश
इसके अलावा, पश्चिम मध्य भारत की बात करें तो इन इलाकों में इस हफ्ते कोई खास बदलाव नहीं आएगा। वहीं, 25-27 नवंबर के दौरान असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में कुछ इलाकों, 25-28 नवंबर के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, 25-29 नवंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश, 25-26 नवंबर के दौरान घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
दिल्ली में सीजन की अब तक सबसे सर्द सुबह
इसके अलावा, दिल्ली में बुधवार को इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि पिछले दिन की तुलना में इसमें 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी रही, जबकि चार निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 224 रहा। शहर के अन्य हिस्सों में भी अपेक्षाकृत कम तापमान दर्ज किया गया। लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस, आयानगर में 10.4 डिग्री, पालम में 11 डिग्री और रिज क्षेत्र में 11.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
