विराट कोहली का डिस्टल सेमीमेम्ब्रेनस टेंडन फटने की खबर, फैंस में चिंता

खेल मुख्य समाचार राष्ट्रीय

भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू हो रही वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनको हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल 2026 के फाइनल के दौरान चोट लगी थी। उनकी यह चोट किस तरह की है? इसके बारे में जान लीजिए, क्योंकि फैंस को इंतजार था कि वे धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में होने वाले 3 वनडे मैचों में अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेंगे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।

दरअसल, कोहली को रविवार को अहमदाबाद में खेले गए आईपीएल फाइनल के दौरान चोट लगी थी। वे मैच के बीच में ट्रीटमेंट भी लेते नजर आए थे। उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी आरसीबी ने गुजरात टाइटन्स को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब जीता था। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ”कोहली मांसपेशियों में खिंचाव के कारण वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। फाइनल के दौरान उन्हें चोट लगी थी। स्कैन से पता चला है कि उनकी ‘डिस्टल सेमीमेम्ब्रेनस टेंडन’ (घुटने के पीछे की मांसपेशियां) फट गई है।”

‘डिस्टल सेमीमेम्ब्रेनस टेंडन’ का फटना मांसपेशियों से जुड़ी एक दुर्लभ चोट है, जो नसों के उस जाल को प्रभावित करती है जो घुटने के ठीक नीचे मांसपेशियों को पिंडली की हड्डी के अंदरूनी हिस्से से जोड़ती है। इससे उबरने में उन्हें कई सप्ताह का समय लगेगा। अपनी शानदार फिटनेस के लिए फेमस 37 वर्षीय विराट कोहली ने आईपीएल के 19वें सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था। कोहली गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच भी बने थे। उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतकों की मदद से 675 रन इस सीजन बनाए थे।

कोहली ही नहीं, बल्कि रोहित शर्मा के भी इस सीरीज में खेलने पर अभी तक संशय है। रोहित शर्मा को आईपीएल के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी से गुजरना पड़ा था। वे कई मैच खेले नहीं थे और आखिर में सिर्फ बल्लेबाजी के लिए ही उतरते थे। ऐसे में इस आगामी वनडे सीरीज की चमक फीकी पड़ गई है। दोनों सिर्फ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलते हैं और दोनों सीरीज का हिस्सा नहीं हुए तो फिर फैंस को निराशा हाथ लगेगी। विराट कोहली की फिटनेस हमेशा एक उनकी बड़ी ताकत रही है। पूरे करियर में कभी-कभार ही वह अपनी फिटनेस की वजह से बाहर हुए हैं।

आपको बता दें, रन मशीन विराट कोहली और हिटमैन रोहित शर्मा दोनों ने पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और 2024 के टी20 वर्ल्ड कप को जीतने के बाद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया था। इसके बाद से ही उनके वनडे करियर को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन वह अगला वनडे विश्व कप खेलना चाहते हैं, जो अगले साल अक्टूबर-नवंबर में दक्षिण अफ्रीका में होना है। कोहली और रोहित को उनकी फॉर्म और फिटनेस के आधार पर ही उस विश्व कप के लिए टीम में जगह मिलेगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *