कपिल देव, एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा में कौन भारत का सबसे महान कप्तान है? भारत के पूर्व धाकड़ ऑलराउंडर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने खुलकर अपनी पसंद के बारे में बताया है। उन्होंने धोनी को सबसे महान कप्तान चुनकर सभी को हैरान कर दिया है। दरअसल, योगदार अनेक मर्तबा धोनी की कड़ी आलोचना कर चुके हैं। उन्होंने यहां तक कह दिया था कि धोनी की वजह से युवराज का करियर समय से पहले खत्म हो गया। हालांकि, अब योगराज के सुर थोड़े बदले हुए नजर आ रहे हैं। योगराज के सामने चार कप्तानों के नाम रखे गए थे और उन्होंने बेझिझक दिग्गज धोनी को चुना।
‘कपिल महान कप्तान बन सकते थे…’
सौरव यदुवंशी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए वीडियो में योगराज सिंह से पूछा, ”आपके हिसाब से कपिल देव, एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा में से कौन महान कप्तान हैं?” जवाब में योगराज ने कहा, ”मैं, हमेशा यह चाहता था कि कपिल को बतौर कप्तान लंबी अवधि मिलनी चाहिए थी। मैं, उनके अंडर खेला हूं। हम साथ खेले हैं। स्कूल क्रिकेट से लेकर कॉलेज क्रिकेट तक और फिर भारतीय टीम के लिए साथ खेले। कपिल बहुत महान कप्तान बन सकते थे, अगर उनको दो सीरीज हारने पर हटाया नहीं जाता।”
धोनी की ये खूबी योगराज सिंह को पसंद
योगराज ने आगे कहा, ”मेरा मानना है कि धोनी बेहतरीन कप्तान रहे। मुझे धोनी की दो-तीन चीजें बहुत अच्छी लगीं। उनका कूल माइंड रहता है। वह किसी भी सिचुएशन में घबराते नहीं। उनका प्लेयर्स को हैंडल करने का तरीका बहुत मैच्योर था। मैं जितने कप्तान देखे हैं, उसमें मेरा हिसाब से धोनी अब तक के बेस्ट कप्तान हैं। लेकिन मैं यह हमेशा कहूंगा कि कपिल देव महान कप्तान बन सकते थे, अगर उनका कार्यकाल भी धोनी जितना लंबा होता। मैं, चारों में से धोनी को चुनूंगा। वह बेहतरीन कप्तान रहे।”
चारों का बतौर कप्तान ऐसा रहा रिकॉर्ड
भारतीय क्रिकेट टीम के हर कप्तान ने टीम को आगे ले जाने में अपना योगदान दिया है। कपिल देव के नेतृत्व में भारत ने 1983 में पहला वर्ल्ड कप जीता। उन्होंने 1982 से लेकर 1987 तक 108 इंटनरनेशनल मैचों में कप्तानी की, जिसमें से भारत ने 40 जीते और 43 गंवाए। एक टाई रहा और 22 ड्रॉ हुए। एमएस धोनी ने 332 मैचों में (2007-2018) कमान संभाली। उनके अंडर भारत ने 178 मैच जीते और 120 में हार का मुंह देखा। छह टाई और 15 ड्रॉ रहे। धोनी इकलौते कप्तान हैं जिन्होंने आईसीसी की तीनों प्रमुख व्हाइट-बॉल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। उनकी अगुवाई में भारत ने 2007 में टी20 वर्ल्ड कप 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी हासिल की।
कोहली ने 213 मैचों में संभाली कमान
विराट कोहली की अगुवाई में भारत ने 213 मैचों (2013-2022) में से 135 जीते और 60 हारे। तीन टाई और 11 ड्रॉ हुए। रोहित की कप्तानी में भारत ने 142 मैच खेले। भारत ने इस दौरान 103 जीते और 33 में हार का सामना किया। दो ट्राई और तीन ड्रॉ रहे। उन्होंने पहली बार 2017 में कमान संभाली और 2025 में भारत का आखिरी बार नेतृत्व किया। उनके अंडर भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉपी 2025 अपने नाम की। रोहित और कोहली टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और भारत के लिए सिर्फ वनडे में एक्टिव हैं।
