भला कौन नहीं चाहता कि बढ़ती उम्र के साथ भी उनकी त्वचा जवां, ग्लोइंग और हेल्दी बनी रहे। आप 40 के हों और सामने वाला आपको 30 का बता दे, तो इससे बड़ा कॉम्प्लीमेंट कोई दूसरा नहीं होता। अब आप सोच रहे होंगे कि इसके लिए तो महंगे-महंगे स्किनकेयर प्रोडक्ट्स की जरूरत होगी। जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है। बेसिक स्किनकेयर के अलावा आपकी डाइट कैसी है, इसपर आपकी स्किन हेल्थ काफी हद तक डिपेंड करती है। महिलाओं की डॉक्टर डॉ भूमि ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए ऐसे 10 फूड्स के बारे में बताया है, जो स्किन को लंबे समय तक जवां, ग्लोइंग और हेल्दी बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। इन फूड्स में ऐसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो त्वचा को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने और कोलेजन बनाने की प्रक्रिया को सपोर्ट कर सकते हैं। आइए जानते हैं।
अपनी उम्र से छोटा दिखना है? ये फूड्स डाइट में शामिल करें
1) ब्लूबेरी
ब्लूबेरी एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती है। इसमें मौजूद कम्पाउंड शरीर को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने में मदद करते हैं। यही ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस त्वचा की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया में भूमिका निभाता है, इसलिए एंटीऑक्सीडेंट्स रिच फूड्स डाइट में शामिल करना एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है।
2) विटामिन सी से भरपूर आंवला और संतरा
आंवला और संतरा विटामिन सी रिच फूड्स हैं। विटामिन सी कोलेजन के निर्माण में भूमिका निभाता है। इससे त्वचा लंबे समय तक रिंकल फ्री, ग्लोइंग, हेल्दी और प्लंप बनी रहने में मदद मिलती है।
3) बादाम-अखरोट जैसे ड्राई फ्रूट्स
डॉक्टर के मुताबिक बादाम और अखरोट जैसे ड्राई फूट्स को अपनी डाइट का हिस्सा जरूर बनाएं। इनमें हेल्दी फैट्स और विटामिन ई जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो हेल्दी और जवां स्किन को सपोर्ट करते हैं।
4) टमाटर को डाइट का हिस्सा बनाएं
टमाटर में लाइकोपीन नाम का एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है। ये त्वचा को यूवी किरणों से होने वाले ऑक्सीडेटिव डैमेज से बचाने में मदद करता है। साथ ही हेल्दी और ग्लोइंग स्किन को सपोर्ट करता है।
5) खूब खाएं हरी सब्जियां
पालक, सरसों, बथुआ और मेथी जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां अपनी डाइट में जरूर शामिल करें। ये विटामिन्स, मिनरल्स और कई अन्य पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं। स्किन के अलावा ओवरऑल हेल्थ के लिए भी ये काफी फायदेमंद मानी जाती हैं।
6) गट हेल्थ को अच्छा रखता है दही
दही फर्मेंटेड डेयरी प्रोडक्ट है, जो गट हेल्थ के लिए काफी फायदेमंद मानी जाती है। ये प्रोटीन, विटामिन बी 12 और गुड बैक्टीरिया से भरपूर होती है। जब गट हेल्थ बढ़िया होती है, तो त्वचा भी ग्लोइंग और हेल्दी नजर आती है।
7) दालें और चना
दालें और चना प्लांट बेस्ड प्रोटीन के अच्छे सोर्स हैं। शरीर को त्वचा की मरम्मत के लिए प्रोटीन की जरूरत होती है। खासकर अगर आप वेजिटेरियन हैं तो अपनी डाइट में तरह तरह की दालें और चना जरूर शामिल करें।
8) एवोकाडो
एवोकाडो में हेल्दी फैट्स और विटामिन ई पाया जाता है। ये पोषक तत्व त्वचा को अंदर से हेल्दी बनाए रखने में मदद करते हैं। एवोकाडो का टोस्ट या सलाद बनाकर आप स्नैक या नाश्ते में शामिल कर सकते हैं।
9) पर्याप्त पानी पीना सबसे जरूरी है
हेल्दी स्किन के लिए शरीर को हाइड्रेट रखना भी जरूरी है। इसके लिए दिन में पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं। इससे त्वचा में नमी बनी रहती है और वो ज्यादा सॉफ्ट, ग्लोइंग और प्लंप नजर आती है।
10) ओमेगा-3 से भरपूर फूड्स
त्वचा को अंदर से हेल्दी बनाए रखने के लिए ओमेगा-3 से भरपूर फूड्स अपनी डाइट में शामिल करें। अखरोट, अलसी के बीज, चिया सीड्स कुछ अच्छे विकल्प हो सकते हैं। ओमेगा-3 शरीर की इन्फ्लेमेशन को कम करने में मदद करता है, साथ ही त्वचा की सामान्य सेहत में सहायक है।
