PM मोदी की गर्मी से बचने की सलाह: पानी साथ रखें और अपनाएं ये 10 तरीके

मुख्य समाचार स्वास्थ्य

Nautapa 2026: गर्मी का सबसे तपता दौर माना जाने वाला नौतपा 25 मई से शुरू हो चुका है। नौतपा में सिर्फ मौसम ही नहीं बदलता बल्कि ये सूरज की विशेष ऊर्जा का समय माना गया है। ऐसा कहा जाता है कि जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते हैं, तब नौतपा की शुरुआत होती है। इन 9 दिनों में सूर्य का प्रभाव धरती पर सबसे तेज रहता है और इसमें भयंकर गर्मी होती है। पहले जमाने के लोग नौतपा में घर से बाहर न निकलने की सलाह देते थे और घर में रहकर खान-पान पर खास ध्यान देते थे। अब वही सलाह पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दी है। उन्होंने कहा कि खूब पानी पिएं और बाहर जाएं तो पानी साथ रखें। साथ ही जानवरों और बुजुर्गों का भी ख्याल रखें। गर्मी में खुद को सुरक्षित रखने के लिए हर बेहतर कदम उठाएं।

पीएम मोदी की इस अपील के अलावा आप डॉक्टर के बताए कुछ कारगर टिप्स भी अपना सकते हैं, जिससे गर्मी के प्रकोप से बचने में आसानी होगी। हम यहां कुछ टिप्स शेयर कर रहे हैं।

नौतपा के प्रकोप से बचने के लिए अपनाएं ये 10 टिप्स-

  • 1. शरीर को रखें हाइड्रेट

गर्मी के मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखने का सबसे सरल जरिया है पानी। आप ठंडा पानी पीते रहें। हर आधे घंटे में 1 गिलास पानी अगर पी लेते हैं, तो शरीर आपका पूरी तरह से हाइड्रेट रहेगा और लू-गर्मी से आप बचेंगे। पानी के साथ नारियल पानी, जूस, तरबूज, खीरा जैसे फल भी खा सकते हैं। इस सीजन में ज्यादा चाय-कॉफी को पीने से बचें।

  • 2. दोपहर में बाहर न जाएं

अगर घर से निकलना बहुत जरूरी न हो तो दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में न जाएं। इस समय तेज धूप होती है और इससे हीट स्ट्रोक का खतरा रहता है। अगर बाहर जा रहे हैं, तो छाता, स्कार्फ या गमछा से सिर कवर करके ही निकलें।

  • 3. हल्के और ढीले कपड़े पहनें

नौतपा के दौरान और ऐसे भी गर्मी में सूती-कॉटन और हल्के रंग के कपड़े पहनें। बाहर निकलते समय टोपी, सनग्लास और छाते का इस्तेमाल करें। धूप में हल्के रंग के कपड़े पहनना सबसे अच्छा होता है क्योंकि ये सूरज की गर्मी और हानिकारक किरणों से आपको बचाएंगे।

  • 4. शरीर को ठंडा रखें

पंखे, ठंडे पानी से नहाना, गीले तौलिये से फेस पोंछना या कूलिंग जेल का इस्तेमाल करते हुए आप खुद को ठंडा रख सकते हैं। भीषण गर्मी में एसी या कूलर या किसी हवादार जगह पर रहें, जहां आपको गर्मी न लगे।

  • 5. हल्का और ताजा खाना खाएं

गर्मी के मौसम में भूख थोड़ी कम हो जाती है और ऐसे में जरूरी है कि आप तला-भुना या बाहर का खाना कम खाएं। हमेशा घर का बना ताजा खाना ही खाएं और हल्का खाएं। जैसे दही-चावल, रोटी, दाल-चावल, सब्जी रोटी और सलाद। ये खाना आपका पेट भरेगा और हेल्दी रहेगा।

  • 6. कम मेहनत वाले काम

अगर आपका शरीर कमजोर है या उम्र ज्यादा हो चुकी है तो गर्मी में ज्यादा मेहनत वाले काम करने से बचें। ज्यादा मेहनत वाले काम करेंगे तो पसीना निकलेगा और ऐसे में शरीर में पानी और सोडियम की कमी हो जाती है। इस गर्मी में हैवी वर्कआउट करने से भी बचें।

  • 7. कमजोर और बुजुर्ग लोगों का खास ध्यान

नौतपा वाली गर्मी में खासतौर पर बुजुर्गों और बच्चों का ध्यान रखना होगा। साथ ही प्रेग्नेंट महिलाएं भी अपना ख्याल रखें। अगर आपको पहले से किसी तरह की बीमारी है, तो अपना खास ख्याल रखें और कुछ भी ऐसा न खाएं, जिससे इंफेक्शन का खतरा हो।

  • 8. बंद गाड़ी में न रहें

धूप में खड़ी गाड़ी में किसी भी बच्चे या बड़े को न छोड़ें। गाड़ी धूप में फौरन गर्म हो जाती है और बंद गाड़ी में सफोकेशन होने से दम घुट सकता है। हाल ही में एक मामला आया, जिसमें बच्चे की मौत खड़ी गाड़ी में बंद होने के कारण हुई थी।

  • 9. हीट स्ट्रोक के लक्षण

अगर आपको चक्कर, सिरदर्द, उल्टी, ज्यादा पसीना, ड्राई स्किन दिख रही है, तो सावधान हो जाएं। ये सभी चीजें हीट स्ट्रोक के खास लक्षण हैं। अगर कोई भी लक्षण दिखे, तो फौरन डॉक्टर से सलाह लें।

  • 10. ठंडी पट्टी रखें

अगर रास्ते पर किसी की तबियत अचानक बिगड़ जाए या चक्कर-बेहोशी, तेज बुखार लगे तो तुरंत डॉक्टर के पास लेकर जाएं। तेज बुखार होने पर माथे पर ठंडी पट्टी रखते हुए डॉक्टर के पास पहुंचें। बच्चे को भी अगर बुखार आए तो ठंडी पट्टी से माथा, पैर के तलवे, हथेली को रगड़ें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *