दलीप ट्रॉफी फाइनल से पहले बड़ा बदलाव! सिराज-पडिक्कल की एंट्री, वैभव सूर्यवंशी समेत 3 खिलाड़ियों पर सस्पेंस

खेल मुख्य समाचार

नई दिल्ली, दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल के लिए साउथ जोन की टीम में दो भारतीय खिलाड़ियों को जगह मिल गई है, जो हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलकर आए हैं। इनमें एक हैं बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल और दूसरे हैं तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज। इनके अलावा केएल राहुल के भी इस फाइनल में खेलने की संभावना थी, लेकिन अभी तक उनको लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। ईस्ट जोन के खिलाफ रविवार 6 सितंबर से चेन्नई में साउथ जोन को दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल खेलना है।

क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, देवदत्त पडिक्कल और मोहम्मद सिराज को साउथ जोन की टीम में शामिल कर लिया गया है, लेकिन अभी ये जानकारी सामने नहीं आई है कि किसे टीम से रिलीज किया जाएगा। वहीं, साउथ जोन टीम के कप्तान तिलक वर्मा और ईस्ट जोन टीम के कप्तान ईशान किशन और इसी टीम के वाइस कैप्टन वैभव सूर्यवंशी के इस फाइनल में खेलने पर संदेह के बादल मंडरा रहे हैं। संभावना इस बात की है कि तीनों खिलाड़ी इस फाइनल में खेलेंगे, लेकिन आखिरी समय पर टीम मैनेजमेंट यानी हेड कोच गौतम गंभीर ने उन्हें टी20 सीरीज की तैयारियों के लिए बुलाया तो उन्हें फिर फाइनल से बाहर भी होना पड़ सकता है।

तिलक वर्मा, ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी तीनों फाइनल में खेलने हैं, लेकिन तीनों अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू हो रही 3 मैचों की टी20 सीरीज का भी हिस्सा हैं। हालांकि, दलीप ट्रॉफी का फाइनल 10 सितंबर को ही खत्म हो जाएगा और उसी दिन भारतीय खिलाड़ियों को दिल्ली में होने वाली इस सीरीज के लिए देश की राजधानी में एकत्रित होने का आदेश मिला है। श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलकर आए पडिक्कल और सिराज को टीम में शामिल करने के पीछे का उद्देश्य मैनेजमेंट का साफ है कि ये खिलाड़ी रिदम में रहें, क्योंकि आगे काफी समय तक मैच नहीं होने वाले हैं।

मैं फाइनल खेलना पसंद करूंगा- तिलक वर्मा

भारत की टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा ने तो कह दिया था कि वे फाइनल खेलना पसंद करेंगे। उन्होंने सेमीफाइनल मैच के बाद कहा था, “मैं फाइनल खेलना पसंद करूंगा। यह मैच (सेमीफाइनल) अभी खत्म हुआ है, लेकिन मुझे लगता है कि अफगानिस्तान का गेम 13 तारीख को है। मैं फाइनल खेलने के लिए तैयार हूं। उसके बाद हमारे पास बीच में दो दिन का ब्रेक है और अगर मैं 11 तारीख को भी रिपोर्ट करता हूं तो मैं एक दिन प्रैक्टिस कर सकता हूं और वहां से मैं जाकर मैच खेल सकता हूं।”

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *