नई दिल्ली, दिल्ली हाईकोर्ट ने आज ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के ब्लॉक किए गए सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ अकाउंट को तुरंत बहाल करने का निर्देश देने से इनकार कर दिया। हाईकोर्ट ने CJP की याचिका पर सुनवाई के दौरान कहा कि इस पेज पर मौजूद कंटेंट कुछ आपत्तिजनक लग रहा है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कॉकरोच जनता पार्टी के ‘एक्स’ पर अकाउंट को ब्लॉक करने के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
बेंच ने याचिका की सुनवाई करते हुए अभिजीत दीपके को कोई भी अंतरिम राहत देने से मना कर दिया। बेंच ने कहा कि इस मामले पर पूरी तरह से विचार करने की जरूरत है। इसमें कोई भी आदेश केंद्र सरकार और ‘एक्स’ का पक्ष सुनने के बाद ही दिया जाएगा।
हाईकोर्ट ने केंद्र और ‘एक्स’ से मांगा डिटेल एफिडेविट
अभिजीत दीपके की ओर से पेश हुए वकील अखिल सिब्बल ने हाईकोर्ट से ‘एक्स’ अकाउंट बहाल करने का आदेश देने का आग्रह किया। वकील ने कहा कि बेशक कथित तौर पर आपत्तिजनक पोस्ट को अस्थायी रूप से ब्लॉक रहने दिया जाए। सिब्बल ने तर्क दिया कि इससे पहले भी ऐसे ही पांच मामलों में भी इसी तरह की अंतरिम राहत दी गई थी। कोर्ट ने केंद्र और ‘एक्स’ से एक डिटेल एफिडेविट दाखिल करने को भी कहा है।
दीपके को रिव्यू कमेटी के पास जाने का दिया मौका
हाईकोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई तक के लिए टाल दी है। हालांकि, कोर्ट ने दीपके को ब्लॉकिंग ऑर्डर्स की जांच करने वाली केंद्र की रिव्यू कमेटी के सामने अपना पक्ष रखने का मौका दिया है। कोर्ट ने रिव्यू कमेटी से ‘अकाउंट ब्लॉक करने’ के मामले पर फैसला लेने और अगली सुनवाई पर उसे इससे अवगत कराने को कहा है।
CJI की टिप्पणियों के बाद 15 मई को बनी थी पार्टी
गौरतलब है कि, आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व सदस्य अभिजीत दीपके ने 15 मई को एक वकील के वरिष्ठ पद से संबंधित याचिका की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत की ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ वाली टिप्पणियों पर विवाद के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की शुरुआत की थी। हालांकि, सीजेआई सूर्यकांत 16 मई को अपनी टिप्पणी को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया था। उन्होंने कहा था कि वह ऐसी खबरों से ‘आहत’ हैं, जिनमें उन पर युवाओं की आलोचना करने का संकेत मिलता है। प्रधान न्यायाधीश ने कहा था कि उनकी टिप्पणियां विशेष रूप से उन लोगों के खिलाफ थीं, जो ‘फर्जी और अवैध डिग्रियों’ के जरिये कानूनी पेशे में घुस आए हैं और मीडिया के एक वर्ग ने उनकी बातों को ‘गलत तरीके से पेश’ किया।
नए नाम से बनाया ‘एक्स’ हैंडल
‘एक्स’ पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का मेन हैंडल 21 मई को भारत में ‘ब्लॉक’ कर दिया गया था। इसके बाद इस ग्रुप ने ‘कॉकरोच इज बैक’ नाम से नए हैंडल के साथ वापसी की, जिसके वर्तमान में 2.27 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। सीजेपी का दावा है कि उसका मकसद युवाओं की आवाज को मजबूत करने और सरकार को जवाबदेह ठहराने के लिए युवाओं द्वारा संचालित एक स्वतंत्र आंदोलन खड़ा करना है।
