दुर्ग। सोशल मीडिया पर प्रशासनिक अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करना ग्राम समोदा के सरपंच अरुण गौतम को भारी पड़ गया। व्हाट्सएप स्टेटस पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट किए जाने की शिकायत के बाद पुलगांव पुलिस ने आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम समोदा निवासी जितेंद्र देशमुख ने सरपंच अरुण गौतम के खिलाफ जिलाधीश के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सरपंच ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रशासनिक राजस्व अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की है।
मामले में अनुविभागीय दंडाधिकारी, दुर्ग से प्राप्त ज्ञापन के आधार पर थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 950/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296 बीएनएस एवं धारा 67 आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने अरुण गौतम को गिरफ्तार कर पोस्ट में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त कर लिया।
पहले भी हो चुकी है प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर कराया गया था। इसके बावजूद दोबारा अपराध घटित होने पर उसका बाउंड ओवर जप्त करने के लिए अनुविभागीय दंडाधिकारी, दुर्ग के न्यायालय में प्रतिवेदन भेजा गया है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ कानूनी प्रावधानों का पालन करना भी जरूरी है।
