भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और मौजूदा वनडे ओपनर रोहित शर्मा एक टीवी शो लेकर आ रहे हैं। 19 सितंबर से उनके शो की शुरुआत हो रही है, लेकिन इस शो में हिटमैन शायद जनता और अपने फैंस के सामने झूठ बोलते नजर आएंगे, क्योंकि प्रोमो में तो यही दिखाया गया है। रोहित ने एक ऐसे वाकये का जिक्र किया है, जिसमें उन्होंने शिखर धवन की तारीफ की। हालांकि, मामला कुछ अलग ही है। फैंस भी शायद इसी वजह से रोहित को झूठा करार दे रहे हैं।
दरअसल, रोहित शर्मा सोनी टीवी पर फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा का नाम शो लेकर हाजिर होने वाले हैं। इस शो में शिखर धवन भी एक एपिसोड में आपको नजर आएंगे। उसी का प्रोमो सोनी टीवी ने जारी किया है। इसमें रोहित शर्मा बता रहे हैं, “हम ऑस्ट्रेलिया में खेल रहे थे। मैं बॉलिंग कर रहा था। सामने स्टीव स्मिथ था। स्मिथ ने गेंद को आगे आकर पैड से रोक दिया। मैंने अपील की, लेकिन स्मिथ ने कुछ बोल दिया। दूसरे छोर पर डेविड वॉर्नर भी था, जिसके पास हमारा गब्बर (शिखर धवन) पहुंचा और फिर कुछ बात चीत हुई।”
रोहित जो कह रहे हैं, वह आप भी ऊपर दिए वीडियो में सुन सकते हैं, लेकिन आगे कहानी में रोहित ने शायद शिखर और उनके फैंस को खुश करने के चक्कर में कहानी को ट्विस्ट कर दिया है। सोशल मीडिया पर रोहित के इसी वीडियो के जवाब में वह वीडियो फैंस ने लगाना शुरू कर दिया है, जिसमें शिखर धवन दूर-दूर तक दिखाई नहीं दे रहे हैं, बल्कि विराट कोहली स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर से उलझते हुए दिखाई पड़ रहे हैं। यही कारण है कि फैंस रोहित शर्मा को झूठा करार दे रहे हैं। आप उस वीडियो को यहां देख सकते हैं।
हिटमैन रोहित की बात अगर क्रिकेट के नजरिए से करें तो वे टी20 और टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले चुके हैं और सिर्फ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में एक्टिव हैं। इन दिनों वनडे क्रिकेट इतनी ज्यादा होती नहीं है तो उन्होंने टेलीविजन पर आने का फैसला किया है। हालांकि, वे सितंबर के आखिर में वेस्टइंडीज के खिलाफ घर पर 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलते हुए नजर आएंगे, जिसकी शुरुआत 27 सितंबर से होने वाली है। इसके बाद भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के दौरे पर जाना है, लेकिन वहां वनडे सीरीज पांच मैचों की टी20 सीरीज के बाद होगी तो वहां भी उनके पास शो शूट करने का वक्त होगा। उनका ध्यान वर्ल्ड कप 2027 खेलने पर है।
