पंजाब किंग्स (PBKS) के स्टार ऑलराउंडर शशांक सिंह ने घरेलू क्रिकेट में बड़ा फैसला लेते हुए छत्तीसगढ़ क्रिकेट टीम का साथ छोड़ दिया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) हासिल कर लिया है और अब 2026-27 घरेलू सीजन में पुडुचेरी की ओर से खेलेंगे। अपने इस फैसले के पीछे उन्होंने राज्य क्रिकेट संघ के रवैये और उपेक्षा को बड़ी वजह बताया है।
एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान शशांक सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा, “हां, मैं छत्तीसगढ़ छोड़ रहा हूं। मैंने CSCS से एनओसी ले ली है और अब 2026-27 सीजन में पुडुचेरी के लिए खेलूंगा। पिछले सीजन में मेरे कंधे और उंगली में गंभीर चोट लगी थी, लेकिन उस मुश्किल समय में छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने मेरा बिल्कुल साथ नहीं दिया।”
इतना ही नहीं शशांक ने आरोप लगाया कि चोट से वापसी के दौरान उन्हें लगातार नजरअंदाज किया गया। उनके मुताबिक, सीजन खत्म होने के बाद उनका नाम छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग-2026 के खिलाड़ियों की सूची में शामिल नहीं किया गया। इतना ही नहीं, बेंगलुरु में आयोजित प्री-सीजन ट्रेनिंग कैंप के लिए भेजी गई टीम में भी उन्हें जगह नहीं मिली। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इसकी वजह पूछी तो उन्हें कोई जवाब नहीं दिया गया।
शशांक ने कहा कि उन्हें यह कहकर निशाना बनाया गया कि वह सिर्फ आईपीएल खेलना चाहते हैं और राज्य के लिए घरेलू क्रिकेट नहीं खेलना चाहते। उन्होंने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि बीसीसीआई ने उन्हें 2023-24 घरेलू लिमिटेड ओवर सीजन का सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुना था और प्रतिष्ठित लाला अमरनाथ पुरस्कार से सम्मानित किया था। इसके बावजूद उनकी निष्ठा और प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए गए।
34 वर्षीय शशांक अब पुडुचेरी के लिए मुख्य रूप से व्हाइट-बॉल क्रिकेट पर ध्यान देंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह इस सीजन रेड-बॉल क्रिकेट से ब्रेक लेकर अपनी गेंदबाजी को और बेहतर बनाने पर काम करेंगे, ताकि टी20 क्रिकेट में एक पूर्ण ऑलराउंडर के रूप में टीम के लिए अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें। पुडुचेरी की टीम में वह मुंबई के विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रसाद पवार के साथ गेस्ट खिलाड़ी के रूप में शामिल होंगे।
घरेलू क्रिकेट में शशांक सिंह लगातार शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं। विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 में उन्होंने सात मैचों में 450 रन बनाए और 11 विकेट भी अपने नाम किए। वहीं सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024-25 के सात मुकाबलों में उन्होंने 188 रन बनाए।
आईपीएल 2025 में शशांक सिंह ने पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने पूरे सीजन में 153.51 के स्ट्राइक रेट से 350 रन बनाए। हालांकि आईपीएल 2026 उनके लिए उतना सफल नहीं रहा और नौ पारियों में वह 132 रन ही बना सके।
अब पुडुचेरी के साथ नए सफर की शुरुआत करते हुए शशांक सिंह की नजर सीमित ओवरों के क्रिकेट में खुद को एक बार फिर साबित करने पर होगी। साथ ही वह अपनी गेंदबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन को और मजबूत बनाकर घरेलू क्रिकेट में नई पहचान बनाने की कोशिश करेंगे।
