राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मथुरा दौरा: प्रेमानंद महाराज से एकांतिक वार्तालाप

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

मथुरा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 3 दिवसीय दौरे पर हैं. इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने केली कुंज आश्रम पहुंची. जहां उन्होंने दर्शन कर प्रेमानंद महाराज का सत्संग सुनकर आशीर्वाद लिया. साथ ही प्रेमानंद महराज से एकांतिक वार्तालाप भी की. इस दौरान अध्यात्म, सेवा और जनकल्याण जैसे विषयों पर चर्चा हुई. इस दौरान राष्ट्रपति ने संत प्रेमानंद का आभार प्रकट करते हुए कहा, देश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में संतों की भूमिका महत्वपूर्ण है. आप संत समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं.

जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति उड़िया बाबा और नींव करोरी बाबा आश्रम में भी दर्शन करेंगी. वात्सल्य ग्राम का दौरा करेंगी. 21 मार्च को उनकी गोवर्धन यात्रा प्रस्तावित हैं, जहां वह गोल्फ कार्ट से परिक्रमा करेंगी. इसके लिए बुधवार को वृंदावन, मथुरा और गोवर्धन में पुलिस-प्रशासनिक अमले ने रिहर्सल किया. उनकी सुरक्षा में तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे.

इधर राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं. राष्ट्रपति के आगमन से पहले बुधवार को पूरे रूट पर फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया. इसमें सुरक्षा, यातायात और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया. रिहर्सल के दौरान काफिले में शामिल वाहनों ने निर्धारित मार्ग पर चलकर हर संभावित स्थिति का अभ्यास किया.

वहीं सुबह से ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी रूट पर तैनात हो गए थे. काफिला वृंदावन से शुरू होकर गोवर्धन तक पहुंचा और इस दौरान मार्ग में आने वाले प्रमुख चौराहों, संकरे रास्तों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया. वहीं राष्ट्रपति के वृंदावन दौरे के दौरान उन्हें बंदरों से बचाने के लिए प्रशासन ने जगह-जगह पर लंगूर के कटआउट्स लगाए हैं.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *