दूषित पानी का कहर: इंदौर में 25वीं मौत, परिवार में मचा कोहराम

प्रादेशिक मुख्य समाचार

इंदौर। इंदौर में दूषित पानी से 25वीं मौत हो गई। भागीरथपुरा के हेमंत गायकवाड़ (51) का अरविंदो अस्पताल में इलाज चल रहा था। उन्होंने मंगलवार देर रात करीब 3 बजे दम तोड़ दिया।

इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से होने वाली मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। इसी कड़ी में हेमंत गायकवाड़ उर्फ बाला की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। हेमंत 22 दिसंबर को दूषित पानी पीने के बाद अचानक बीमार पड़ गए थे। पहले उन्हें परदेशीपुरा स्थित वर्मा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां हालत बिगड़ने पर 7 जनवरी को अरविंदो अस्पताल रेफर किया गया। कई दिनों तक चले इलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, हेमंत को सेल कार्सिनोमा नामक कैंसर और किडनी संबंधी बीमारी थी, लेकिन उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत के चलते भर्ती किया गया था। उसके बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।

हेमंत परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके पीछे चार बेटियां रिया (21), जिया (20), खुशबू (16) और मनाली (12) रह गई हैं। पिता की मौत के बाद परिवार गंभीर आर्थिक संकट में आ गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भागीरथपुरा क्षेत्र में लंबे समय से गंदे पानी की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अब तक दूषित पानी के कारण 25 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 38 मरीज अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से 10 की हालत गंभीर है और तीन वेंटिलेटर पर हैं। लगातार हो रही मौतों से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *