भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है। सीरीज का पहला मुकाबला गॉल में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट कोलंबो में होगा। इससे पहले श्रीलंका क्रिकेट ने गॉल टेस्ट के लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। धनंजय डिसिल्वा टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि कामिंदु मेंडिस को उपकप्तान बनाया गया है।
श्रीलंका की घोषित टीम में कुछ अनुभवी चेहरों की वापसी हुई है तो दो नए खिलाड़ियों को भी पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है। वहीं, पथुम निसांका और कुसल मेंडिस चोट के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
तीन साल बाद टेस्ट टीम में लौटे दो खिलाड़ी
श्रीलंका के विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला और तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका की करीब तीन साल बाद टेस्ट टीम में वापसी हुई है।
निरोशन डिकवेला को कुसल मेंडिस की गैरमौजूदगी का फायदा मिला है। 33 साल के डिकवेला श्रीलंका के लिए 54 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। उनका अनुभव भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ श्रीलंका के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
वहीं, दिलशान मदुशंका ने 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना एकमात्र टेस्ट मैच खेला था। अब लंबे अंतराल के बाद उन्हें दोबारा टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
दो अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी मौका
श्रीलंका ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए दो अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी टीम में जगह दी है।
- पसिंदु सोरियाबंदारा – टॉप ऑर्डर बल्लेबाज
- केशरा नुवांथा – ऑफ स्पिन गेंदबाज
पथुम निसांका के उपलब्ध नहीं होने के कारण सोरियाबंदारा को टीम में शामिल किया गया है। वहीं नुवांथा श्रीलंका के स्पिन विभाग को अतिरिक्त विकल्प देंगे।
पथुम निसांका और कुसल मेंडिस बाहर
श्रीलंका की टीम में दो बड़े नामों की कमी साफ नजर आएगी। पथुम निसांका कलाई की सर्जरी से उबर रहे हैं, जबकि कुसल मेंडिस हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे।
इन दोनों खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में श्रीलंका को अपने बल्लेबाजी क्रम में नए संयोजन के साथ उतरना होगा।
चार विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों का चयन
श्रीलंका ने गॉल टेस्ट के लिए चार विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों को टीम में शामिल किया है। असिथा फर्नांडो के प्लेइंग-11 में शामिल होने की संभावना मजबूत मानी जा रही है।
उनके अलावा लाहिरू कुमारा, विश्व फर्नांडो और दिलशान मदुशंका में से विकल्प चुने जा सकते हैं। ऑलराउंडर मिलन रथनायके टीम को एक अतिरिक्त सीम गेंदबाजी विकल्प देते हैं।
स्पिन विभाग में प्रभात जयसूर्या श्रीलंका के मुख्य हथियार होंगे। उनके साथ रमेश मेंडिस या केशरा नुवांथा में से किसी एक को मौका मिल सकता है। सोनल दिनुशा भी स्पिन गेंदबाजी का विकल्प हैं।
ऐसा हो सकता है श्रीलंका का बल्लेबाजी क्रम
गॉल टेस्ट में निशान मदुश्का और लाहिरू उदारा के पारी की शुरुआत करने की उम्मीद है। इसके बाद दिनेश चांदीमल, कामिंदु मेंडिस और धनंजय डिसिल्वा मध्यक्रम को संभाल सकते हैं।
श्रीलंका के लिए घरेलू परिस्थितियां अहम भूमिका निभा सकती हैं। टीम अपने स्पिन और सीम गेंदबाजी संयोजन के जरिए भारतीय बल्लेबाजों को परेशान करने की कोशिश करेगी।
भारत भी चोटों से परेशान
भारत की टीम भी इस सीरीज से पहले चोटों की समस्या से जूझ रही है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और बल्लेबाज साई सुदर्शन चोट के कारण श्रीलंका दौरे से बाहर हो चुके हैं।
बुमराह की जगह आकिब नबी और साई सुदर्शन की जगह सरफराज खान को टीम में शामिल किया गया है। वहीं ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर गॉल टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हैं। उनके दूसरे टेस्ट से भी बाहर रहने की संभावना बताई गई है।
भारतीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे, जबकि केएल राहुल उपकप्तान हैं। टीम में यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव जैसे अहम खिलाड़ी भी शामिल हैं।
श्रीलंका का 16 सदस्यीय स्क्वॉड
- धनंजय डिसिल्वा (कप्तान)
- कामिंदु मेंडिस (उपकप्तान)
- दिनेश चांदीमल
- पसिंदु सोरियाबंदरा
- सोनल दिनुशा
- लाहिरू उदारा
- निशान मदुश्का
- निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर)
- विश्व फर्नांडो
- दिलशान मदुशंका
- रमेश मेंडिस
- प्रभात जयसूर्या
- केशर नुवांथा
- मिलन रथनायके
- असिथा फर्नांडो
- लाहिरू कुमारा
भारत का टेस्ट स्क्वॉड
- शुभमन गिल (कप्तान)
- केएल राहुल (उपकप्तान)
- यशस्वी जायसवाल
- ऋषभ पंत (विकेटकीपर)
- मानव सुथार
- मोहम्मद सिराज
- प्रसिद्ध कृष्णा
- गुरनूर बराड़
- देवदत्त पडिक्कल
- सारांश जैन
- औकिब नबी
- सरफराज खान
- ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)
- रवींद्र जडेजा
- कुलदीप यादव
भारत और श्रीलंका की यह टेस्ट सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए हर मुकाबला अहम है। गॉल में होने वाले पहले टेस्ट में श्रीलंका जहां घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाना चाहेगा, वहीं भारतीय टीम सीरीज की शुरुआत जीत के साथ करने के इरादे से उतरेगी।
