खैरागढ़ में गैस एजेंसी पर छापा, अवैध भंडारण और अनियमितता मिलने पर 608 गैस सिलिंडर जब्त

प्रादेशिक मुख्य समाचार

खैरागढ़। घरेलू गैस सिलिंडरों के अवैध भंडारण और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्थानीय शिवा इंडेन गैस एजेंसी पर औचक छापा मारा। जांच के दौरान रिकार्ड में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने 608 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलिंडर जब्त कर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

गठित विशेष जांच दल ने एजेंसी के गोदाम और स्टाक का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान स्टाक और अभिलेखों में भारी अंतर पाया गया। इसके अलावा सुरक्षा मानकों की अनदेखी तथा गैस सिलिंडरों के कथित अवैध भंडारण एवं वितरण से संबंधित शिकायतें भी जांच में सही पाई गईं।

कार्रवाई के दौरान टीम ने 175 भरे हुए घरेलू गैस सिलिंडर, जिनकी अनुमानित कीमत 5.66 लाख रुपये तथा 13 भरे हुए व्यावसायिक गैस सिलिंडर जिनकी अनुमानित कीमत 82,894 रुपये है जब्त किए। इसके अलावा 420 खाली घरेलू एवं व्यावसायिक सिलिंडर, जिनकी अनुमानित कीमत 9.40 लाख रुपये आंकी गई है, भी जब्त किए गए। इस तरह कुल 608 सिलिंडर विभाग के कब्जे में लिए गए।

खाद्य विभाग ने बताया कि नियमों का स्पष्ट उल्लंघन पाए जाने पर गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई है। जब्तीनामा तैयार कर प्रकरण को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग, कालाबाजारी, अवैध भंडारण अथवा उपभोक्ता हितों से जुड़े नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में आगे भी औचक निरीक्षण और सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *