रायपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी सूने मकान में चोरी करने वाले 3 शातिर चोर गिरफ्तार

प्रादेशिक मुख्य समाचार
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों को पकड़ने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के रावतपुरा इलाके में दो अलग-अलग मकानों में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपए कीमत के सोने और चांदी के आभूषण जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चोरी की पहली घटना रावतपुरा फेस-2 में हुई थी। शिकायतकर्ता श्याम तांती ने टिकरापारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 सितंबर से 17 सितंबर 2026 के बीच अज्ञात चोर उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और बाथरूम तथा किचन में लगे नल चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 876/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज किया गया।

दूसरी घटना रावतपुरा कॉलोनी निवासी देवनारायण साहू के घर हुई थी। शिकायत के अनुसार, 7 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 के बीच अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और अलमारी में रखे सोने के जेवरात तथा चांदी का सिक्का चोरी कर फरार हो गए। इस मामले में भी पुलिस ने अपराध क्रमांक 978/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

दोनों चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुरिया ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया। चोरी करने के तरीके में समानता मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ कि दोनों वारदातों को एक ही आरोपियों ने अंजाम दिया है। पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। इसके साथ ही मुखबिरों से जानकारी जुटाकर पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल रहे लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने लक्ष्मण महानंद और शेख खोकन को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने रावतपुरा क्षेत्र में हुई चोरी की दोनों वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने चोरी किए गए सामान की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई की।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि अपराध क्रमांक 978/26 में चोरी किए गए कुछ सोने के आभूषण बिक्री के लिए दुरपती बाई साहू को दिए गए थे। पुलिस ने जांच में महिला की संलिप्तता पाए जाने के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह दोनों मामलों में कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। जब्त जेवरात की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी लक्ष्मण महानंद पूर्व में भी टिकरापारा थाना क्षेत्र में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *