पिता की हत्या करने वाले बेटे को उम्रकैद, डेढ़ एकड़ जमीन के लिए की थी हत्या

प्रादेशिक मुख्य समाचार
बेमेतरा। जमीन के एक टुकड़े के विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात को जन्म दिया। खेती-किसानी के लिए डेढ़ एकड़ जमीन मांगने पर पिता ने इनकार किया तो बेटे ने बांस के डंडे से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी। इस मामले में सत्र न्यायालय ने आरोपी बेटे को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 1000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर उसे 15 दिन का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। सत्र न्यायाधीश सरोजनंद दास ने 19 नवंबर को इस मामले में फैसला सुनाया। दोषी की पहचान मीनाराम जोशी के रूप में हुई है। मामले में राज्य की ओर से लोक अभियोजक शिवगोपाल श्रीवास ने पैरवी की। अदालत ने अभियोजन पक्ष की ओर से प्रस्तुत गवाहों के बयान और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हत्या का दोषी माना।

अभियोजन के अनुसार, घटना 2 जून 2025 की सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र के ग्राम जगन्नाथपुर में हुई थी। मृतक गुलाब जोशी अपने घर की परछी के सामने खड़े थे। इसी दौरान उनका बेटा मीनाराम जोशी वहां पहुंचा और खेती-किसानी करने के लिए जमीन में से डेढ़ एकड़ हिस्सा मांगा। पिता गुलाब जोशी ने जब जमीन देने से इनकार कर दिया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर मीनाराम ने बांस के डंडे से अपने पिता पर हमला कर दिया। उसने इतनी बेरहमी से पिटाई की कि गुलाब जोशी की मौत हो गई। जमीन के विवाद में हुई इस वारदात से परिवार में मातम छा गया।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया गया और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने मौके से खून लगी मिट्टी और सादी मिट्टी सहित अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। विवेचना के दौरान 3 जून 2025 को आरोपी मीनाराम जोशी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। उसके कथन के आधार पर वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा, गमछा और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए गए। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत 17 अगस्त 2025 को न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया।

न्यायालय में विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष ने 12 गवाहों के बयान दर्ज कराए। इसके अलावा मेमोरेंडम, जब्ती पत्रक, मौका नक्शा, पंचनामा और एफएसएल रिपोर्ट सहित महत्वपूर्ण दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। सुनवाई के दौरान कुछ स्वतंत्र गवाह अपनी पूर्व की गवाही से मुकर गए, लेकिन अन्य उपलब्ध साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर अभियोजन पक्ष ने अपना मामला प्रस्तुत किया। अदालत में 14 अक्टूबर 2025 को आरोप विरचित किए गए और 30 अक्टूबर 2025 से साक्ष्य दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हुई। 12 नवंबर 2026 को निर्णय सुरक्षित रखा गया। इसके बाद 19 नवंबर 2026 को सत्र न्यायालय ने फैसला सुनाते हुए मीनाराम जोशी को हत्या का दोषी ठहराया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई। डेढ़ एकड़ जमीन के विवाद में पिता की हत्या के इस मामले में आए फैसले के बाद आरोपी को शेष जीवन जेल में बिताना होगा। अदालत ने दोषी पर 1000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *