समाज सेवा के लिए विशेष क्षेत्र में होना जरूरी नहीं – संजय श्रीवास्तव

प्रादेशिक मुख्य समाचार

शक्ति बाला वेलफेयर फाउंडेशन का स्थापना दिवस समारोह संपन्न।

रायपुर। शक्ति बाला वेलफेयर फाउंडेशन के स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था द्वारा होटल रॉयल एंबिएंस, फाफाडीह, रायपुर में गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। संस्था के स्थापना दिवस के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से सेवा कार्य करने वाले एवं मानव कल्याण के लिए विशेष योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

समारोह के विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव उपस्थित रहे। उनके द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सामाजिक योगदान देने वाले व्यक्तियों पुरस्कृत कर एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके सेवाभावी कार्यों का सराहना किया गया।

इस अवसर पर विशेष अतिथि संजय श्रीवास्तव ने कहा कि समाज सेवा किसी पद, पेशे या आर्थिक स्थिति की मोहताज नहीं है। जरूरी नहीं कि प्रत्येक व्यक्ति इंजीनियर, डॉक्टर, राजनेता या सरकारी सेवा में आकर ही मानव सेवा करे। समाज में सेवा का भाव रखने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर किसी न किसी जरूरतमंद के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।

उन्होंने कहा कि यदि हम अपने आसपास नजर डालें तो हमें ऐसे अनेक लोग दिखाई देंगे, जिन्हें हमारी सहायता, मार्गदर्शन और सहयोग की आवश्यकता है। जरूरतमंदों की सहायता करना, किसी निराश व्यक्ति को उम्मीद देना, किसी बच्चे की शिक्षा में सहयोग करना, बुजुर्गों का सहारा बनना अथवा किसी असहाय व्यक्ति की छोटी-सी मदद करना भी समाज सेवा का महत्वपूर्ण स्वरूप है।

श्रीवास्तव ने कहा कि आज समाज को ऐसे लोगों की आवश्यकता है जो केवल अपने लिए नहीं, बल्कि दूसरों के लिए भी सोचें। सेवा की शुरुआत बड़े स्तर से नहीं, बल्कि अपने घर, मोहल्ले और आसपास के लोगों से की जा सकती है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

उन्होंने शक्ति बाला वेलफेयर फाउंडेशन की संस्थापिका श्रीमती श्वेता ठाकुर एवं संस्था के सदस्यों द्वारा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाएं समाज के उन वर्गों तक पहुंचने का कार्य करती हैं, जिन्हें सहयोग और संवेदना की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी निरंतर सेवा कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *