बलौदाबाजार: बलौदाबाजार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम रवान में एक किराए के मकान में 50 वर्षीय महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। महिला पिछले 14-15 वर्षों से 70 वर्षीय धनसाय विश्वकर्मा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस संदेही धनसाय विश्वकर्मा से पूछताछ कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार 12 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे सिटी कोतवाली पुलिस को ग्राम रवान के एक किराए के मकान में महिला का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। मृतिका की पहचान रेवती जायसवाल (50 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि 11 नवंबर की रात करीब 11 बजे मृतिका और धनसाय विश्वकर्मा दोनों शराब के नशे में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और मारपीट भी हुई थी। इसके बाद महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा की कार्रवाई की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
सवाल यह है कि आखिर रात में हुए विवाद के बाद महिला की मौत कैसे हुई? क्या यह मारपीट के दौरान हुई हत्या है या मौत की कोई दूसरी वजह है? पुलिस इन सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
