कबीरधाम। जिले में मवेशियों के कथित अवैध परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रणवीरपुर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि माजदा वाहन में 11 मवेशियों को बिना पर्याप्त चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मवेशियों के साथ वाहन को भी जब्त किया गया है। जब्त मवेशियों और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 14 सितंबर 2026 को चौकी रणवीरपुर, थाना सहसपुर लोहारा की टीम ने रणवीरपुर मेन रोड पर कार्रवाई की। इस दौरान माजदा वाहन क्रमांक सीजी-07 सीए-6546 में मवेशियों का परिवहन किया जा रहा था। पुलिस का दावा है कि वाहन में मौजूद पशुओं को बिना चारा-पानी के रखा गया था और उनके साथ क्रूरता करते हुए उन्हें बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था।
टीम ने वाहन को रोककर जांच की तो उसमें कुल 11 मवेशी मिले। इनकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। मवेशियों के परिवहन में इस्तेमाल माजदा वाहन की कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह मामले में कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त करने की जानकारी पुलिस ने दी है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें प्रकाश चंद भट्ट (55), निवासी तेन्दुभाठा, हिरेन्द्र कुमार लोधी (26), निवासी तेन्दुभाठा और कृष्णा कुमार साहू (45), निवासी घोटवानी शामिल हैं। तीनों आरोपी साजा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार जांच में आरोपियों द्वारा एक राय होकर मवेशियों को बिना चारा-पानी के ले जाने और उनके साथ क्रूरता करने का आरोप सामने आया। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 137/2026 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई। प्रकरण में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परीक्षण संशोधन अधिनियम की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम की धारा 11(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अपूर्वा क्षत्रिय के दिशा-निर्देशन में की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी रणवीरपुर सिकंदर कुर्रे के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक छुनकु राम नेताम, प्रधान आरक्षक इंद्र कुमार साहू तथा आरक्षक मालिक राम छेदवी, जितेंद्र सिंह और विनोद मरकाम की भूमिका रही। पुलिस के मुताबिक जिले में मवेशियों के अवैध परिवहन और पशु क्रूरता से जुड़े मामलों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
