लाल ट्रॉली में लाश, 2000 KM का सफर और मणिपुर में गिरफ्तारी, दंपति का खौफनाक प्लान ऐसे हुआ फेल

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

आगरा कैंट स्टेशन पर तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल कोच में लाल ट्रॉली सूटकेस से महिला के क्षत-विक्षत शव के टुकड़े मिलने के मामले में चेन्नई पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। हत्या के आरोपी माणिकउद्दीन लश्कर और उनकी पत्नी भगवती माझी को मणिपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, सूटकेस की यात्रा ने जांचकर्ताओं को आगरा से चेन्नई होते हुए 2000 किलोमीटर दूर मणिपुर तक पहुंचाया, जहां से दोनों को पकड़ा गया। फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है।

5 अगस्त को मामला आया था सामने

मामला 5 अगस्त को तब सामने आया जब आगरा पहुंचने के बाद ट्रेन के एक सामान्य डिब्बे में यात्रियों को लावारिस लाल सूटकेस से तेज दुर्गंध आई। सरकारी रेलवे पुलिस ने सूटकेस खोला तो उसमें महिला का सिर कटा, सड़ता हुआ शव मिला। पहचान के कोई स्पष्ट सुराग नहीं थे। इस लिए जांचकर्ताओं ने सूटकेस की यात्रा पर ध्यान केंद्रित किया और जांच को आगे बढ़ाया।

तमिलनाडु पुलिस, आगरा रेलवे पुलिस, चेन्नई जीआरपी और आरपीएफ ने मिलकर चेन्नई सेंट्रल स्टेशन के 350 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में एक पुरुष और एक महिला लाल ट्रॉली सूटकेस लेकर तमिलनाडु एक्सप्रेस में चढ़ते दिखे। उन्होंने सूटकेस ट्रेन में छोड़कर ट्रेन चलने से पहले उतर गए। कैमरों ने उन्हें पार्क स्टेशन की ओर जाते, उपनगरीय ईएमयू में चढ़ते, गुडुवनचेरी स्टेशन पर उतरते और ऑटो रिक्शा में जाते देखा गया।

सीसीटीवी से किराए के मकान तक पहुंची पुलिस

इसके बाद गुडुवनचेरी और आसपास के 200 से अधिक कैमरों की जांच के बाद पुलिस मस्जिद स्ट्रीट के पास एक किराए के मकान तक पहुंची। ताला तोड़कर तलाशी में एक बड़े बर्तन में पीड़िता के और मानव अवशेष मिले। बताया गया कि घर में तीन लोग (एक पुरुष और दो महिलाएं) रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 38 वर्षीय हयाथुन निशा के रूप में हुई, जो ओडिशा की मूल निवासी थीं और गुडुवनचेरी में एक निजी फर्म में काम करती थीं। पुलिस का संदेह है कि लश्कर ने हत्या इसलिए की क्योंकि निशा ने उससे शादी करने को कह रही थी, जिससे रिश्ते में तनाव बढ़ गया था।

29 अगस्त को मणिपुर में गिरफ्तार

मुख्य संदिग्धों की पहचान असम के कछार जिले के लश्कर और ओडिशा की उनकी पत्नी माझी के रूप में हुई। दंपति फरार हो गए थे। सीडीआर समेत कई माध्यमों से तलाश के बाद 29 अगस्त को मणिपुर के जिरीबाम जिले के काशीमपुर में गुडुवनचेरी पुलिस ने स्थानीय अधिकारियों की मदद से दोनों को गिरफ्तार किया। दोनों को पूछताछ के लिए तांबरम लाया गया।

पुलिस के अनुसार, लश्कर ने बताया कि वह और निशा करीब छह महीने से रिश्ते में थे। निशा के शादी के दबाव से बार-बार झगड़े होते थे। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के कारण गुडुवनचेरी वाले घर में निशा की हत्या हुई। लश्कर ने शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर बाल मुंडवा दिए। शरीर के कुछ टुकड़े सूटकेस में रखकर चेन्नई सेंट्रल तक ले गए और दिल्ली जाने वाली ट्रेन में छोड़ दिए और फरार हो गए।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *