सीवान AK-47 फायरिंग मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, छात्र आंदोलन के दौरान गोली चलाने वाला जवान सस्पेंड

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

बिहार बंद के दौरान सीवान जिले में AK 47 से गोलियां बरसा कर सनसनी फैलाने वाले पुलिसकर्मी पर अब गाज गिरी है। सीवान के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने कहा है कि छात्रों के आंदोलन के दौरान एके 47 से गोली चलाने वाले पुलिसकर्मी पर कार्रवाई हुई है। एके 47 चलाने वाले पुलिसकर्मी की पहचान अभिषेक पटेल के रूप में हुई है। अभिषेक पटेल SIT में तैनात हैं। छात्र आंदोलन पर एके 47 से फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हुआ था। इस वीडियो के सामने आने के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार विधानसभा के नेता विपक्ष तेजस्वी यादव दोनों ने ही सवाल उठाए थे। हालांकि, बीजेपी नेता संबित पात्रा ने राहुल गांधी के दावे को गलत बताया था। अब एके 47 से गोली बरसाने वाले जवान अभिषेक पटेल को सस्पेंड कर दिया गया है।

वायरल वीडियो में नजर आया था कि छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान हाथ में एके 47 लिए अभिषेक पटेल ने अचानक हवाई फायरिंग कर दी थी। अभिषेक पटेल एके 47 लिए छात्रों के तरफ दौड़ते भी नजर आए थे। इस वीडियो के सामने आने के बाद राहुल गांधी ने कहा था कि छात्रों के खिलाफ पूरा सिस्टम ही जानलेवा हो गया है। खबरें आ रही हैं कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK 47 से गोलियां चलाई गई हैं और सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।

तेजस्वी यादव ने उठाए थे सवाल

बिहार विधानसभा में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने इस फायरिंग का एक वीडियो अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया था। तेजस्वी यादव ने लिखा था, ‘सिवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छात्रों पर सीधी फायरिंग की। AK-47 से भी फायरिंग की गई।जब 7 हत्याओं का आरोपी अपराधी मुख्यमंत्री बन जाए तब लोकतंत्र में प्रदर्शन कर रहे निर्दोष छात्रों पर पुलिस ऐसे ही गोलियां चलाती है। दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो।’

संबित पात्रा ने राहुल गांधी को बताया था झूठा

राहुल गांधी ने जब सीवान में छात्र आंदोलन के वक्त पुलिस द्वारा एके 47 से गोली चलाने का मुद्दा उठाया था तब बीजेपी के सांसद संबित पात्रा ने इसे झूठा बताया था। संबित पात्रा ने कहा था कि यह बेहद शर्म की बात है कि नेता प्रतिपक्ष गैर जिम्मेदराना तरीके से दावा कर रहे हैं कि पुलिस ने एके 47 का इस्तेमाल छात्रों के आंदोलन पर किया। जो एक संवैधानिक पद पर बैठे हैं उन्हें ऐसी गलत सूचनाएं नहीं फैलानी चाहिए। संबित पात्रा ने यह भी कहा था कि राहुल गांधी आक्रोश और अव्यवस्था पैदा करना चाहते हैं। पुलिस ने कभी भी आंदोलनकारियों पर एके 47 का इस्तेमाल नहीं किया है। राहुल गांधी को झूठ फैलाने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।

सीवान में जमकर हुआ था उपद्रव

बता दें कि छात्र आंदोलन के दौरान शनिवार को सीवान जिले में शहर के जेपी चौक, अस्पताल मोड़ व थाना क्षेत्र में प्रदर्शन हिंसक हो गया था। प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिस बल पर पथराव और फायरिंग भी की गयी। इधर बचाव में की ओर से भी फायरिंग की गई। हिंसक झड़प में तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए थे , जबकि चालीस से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इस घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने इन मामलों में उपद्रवियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने कई लोगों को पकड़ा है और इनसे आंदोलन में शामिल होने वाले लोगों में बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस उन उपद्रवियों की भी जानकारी जुटा रही है, जिन्होंने पुलिस पर पत्थरबाजी और फायरिंग की। ऐसे अराजकतत्वों की पहचान कर गिरफ्तार की जाएगी। पुलिस उपद्रवियों को गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस की मानें तो पांच सौ से भी अधिक उपद्रवी अस्पताल मोड़ की ओर ईंट-पत्थर चलाते व फायरिंग करते हुए थाना की ओर बढ़ रहे थे। स्थिति गंभीर होने पर पुलिस ने आत्मरक्षा और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग की गई। इसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गई। इसी दौरान एक युवक गोली लगने से घायल मिला, इसे तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया।पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की तलाशी के दौरान .315 बोर के तीन व .765 बोर के दो खोखे बरामद किए हैं, इन्हें जब्त कर लिया गया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *