नई दिल्ली,दिल्ली नगर निगम (MCD) ने सत्य निकेतन में करीब 50 साल पुरानी एक मंजिला इमारत गिरने की घटना के बाद साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर सहित 5 अफसरों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। रविवार को हुई इस दर्दनाक घटना में अब तक 7 लोगों की मौत हो गई है, वहीं कई घायल हैं।
इन अफसरों पर गिरी निलंबन की गाज
एमसीडी की ओर से सोमवार को जारी आदेशों के अनुसार, सस्पेंड किए गए 5 अधिकारियों की पहचान इस प्रकार है –
राकेश कुमार — डिप्टी कमिश्नर, साउथ जोन
रणवीर सिंह — सुपरिटेंडिंग इंजीनियर, साउथ जोन
ललित कुमार गोयल — एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (बिल्डिंग), साउथ जोन
सुनील चौहान — असिस्टेंट इंजीनियर (बिल्डिंग), साउथ जोन
आशीष कुमार — जूनियर इंजीनियर (बिल्डिंग)
बता दें कि, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज सुबह फिर सत्य निकेतन में घटनास्थल का दौरा कर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ दिल्ली सरकार एवं दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। दिल्ली सरकार ने रविवार को इमारत ढहने की इस घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए थे।
मुख्यमंत्री ने घटना के संबंध में बिल्डिंग मालिक पर एफआईआर दर्ज किए जाने और जांच में घटना के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, गुप्ता ने आसपास के ‘पेइंग गेस्ट’ (पीजी) आवासों और भवनों की भी सघन जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान जिन भवनों में नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उन्हें सील किया जाएगा।
