अगरतला, त्रिपुरा पुलिस ने रविवार शाम आठ बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। इन पर आरोप है कि ये गैर-कानूनी तरीके से राज्य में घुसे थे और अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम एयरपोर्ट से आगे की यात्रा करने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई खुफिया जानकारी मिलने के बाद शुरू की गई थी। जानकारी से पता चला था कि चार बांग्लादेशी नागरिक त्रिपुरा में घुसकर हवाई अड्डे के रास्ते राज्य से बाहर जाने की योजना बना रहे थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और शुरुआत में चार लोगों को पकड़ा।
पकड़े गए संदिग्धों से और पूछताछ करने पर ऐसी जानकारी मिली जिससे पुलिस ने एयरपोर्ट के आस-पास चार और लोगों को गिरफ्तार किया। हवाई अड्डा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती गिरफ्तारी पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी, जबकि पहले समूह से पूछताछ के बाद बाकी लोगों की पहचान और गिरफ्तारी हो सकी।
पकड़े गए सभी आठ लोग कोलकाता होते हुए दक्षिण भारत के किसी राज्य में जाने की योजना बना रहे थे।इन सभी को अदालत में पेश किया गया और पुलिस ने उनसे हिरासत में लेकर पूछताछ करने की अनुमति मांगी।
पुलिस ने कहा कि जांचकर्ता इस बात का पता लगाने की काेशिश कर रहे हैं कि ये लोग त्रिपुरा में कैसे घुसे और आगे कहाँ जाना चाहते थे और क्या यह मामला मानव तस्करी या गैर-कानूनी आव्रजन जैसी किसी बड़ी साजिश से जुड़ा है।
