PM मोदी ने नेहरू जयंती पर दी श्रद्धांजलि, देशभर में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।”
पंडित जवाहर लाल नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में हुआ और वह 15 अगस्त 1947 को देश की आज़ादी के समय से लेकर 27 मई 1964 को अपने निधन तक भारत के पहले प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के एक प्रमुख नेता के रूप में आज़ादी के बाद के शुरुआती वर्षों में भारत के राजनीतिक, आर्थिक और संस्थागत
ढांचे को आकार देने में अहम भूमिका निभाई।
श्री नेहरू संसदीय लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने आधुनिक संस्थानों और बुनियादी ढांचे के विकास को बढ़ावा दिया। उनके कार्यकाल में कई प्रमुख शैक्षणिक और अनुसंधान संस्थानों की स्थापना
और विस्तार हुई, जिनमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) शामिल हैं। उन्होंने इसके साथ ही वैज्ञानिक अनुसंधान, औद्योगिक विकास और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण पहलों को अमलीजामा पहनाया।
उनके बच्चों के प्रति स्नेह को देखते हुए प्रत्येक साल 14 नवंबर को पूरे देश में ‘बाल दिवस’ मनाया जाता है। बच्चों के बीच ‘चाचा नेहरू’ के नाम से लोकप्रिय, श्री नेहरू का मानना था कि युवाओं का कल्याण, शिक्षा और विकास ही देश के भविष्य की नींव है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *