भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में आगामी दिनों के लिए भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। IMD ने कहा है कि उत्तर मध्य प्रदेश और उसके आसपास के इलाकों में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से आज पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है। इसके साथ ही, 12 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसके असर से इस सप्ताह और सप्ताहांत तक यानी 14 से 15 अगस्त तक ओडिशा और बंगाल में भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों ने कहा है कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो 12 अगस्त तक कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो सकता है। IMD ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अभी मॉनसून सक्रिय बना रहेगा। विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ इलाकों में अचानक बाढ़ का खतरा अधिक गंभीर बना हुआ है।
उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश का दौर
विभाग के ताजा पूर्वानुमानों के मुताबिक, सोमवार को हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एवं उसके आसपास के इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार है। IMD की ओर से 10 अगस्त को सुबह 8.44 बजे जारी अखिल भारतीय मौसम सारांश एवं पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 10 से 15 अगस्त तक व्यापक से बहुत व्यापक बारिश होने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने कहा है कि इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र में भी 10 से 13 अगस्त के दौरान व्यापक से बहुत व्यापक बारिश हो सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत के शेष हिस्सों में कहीं-कहीं से लेकर कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। IMD ने कहा है कि 10 अगस्त को हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पंजाब, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख क्षेत्र तथा उत्तर प्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।
हिमाचल पर लगातार भारी बारिश का खतरा
हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर अधिक तीव्र और लंबा रहने की संभावना है। आईएमडी के उत्तर-पश्चिम भारत संबंधी पूर्वानुमान के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में 10 और 11 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश, जबकि 12 से 15 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। चिंता बढ़ाने वाली बात यह है कि आईएमडी ने हिमाचल प्रदेश के शिमला और सिरमौर जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में अचानक बाढ़ का कम से मध्यम खतरा जताया है। यह पूर्वानुमान 11 अगस्त को सुबह 5.30 बजे तक की 24 घंटे की अवधि के लिए जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, संभावित बारिश के कारण पूरी तरह संतृप्त मिट्टी वाले कुछ इलाकों और निचले क्षेत्रों में सतही जल बहाव बढ़ने तथा जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बारिश का दौर 11 अगस्त को भी जारी रहने की संभावना है। इस दिन हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर-लद्दाख क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। हालांकि, 11 अगस्त के लिए आईएमडी की भारी बारिश की चेतावनी में पंजाब को शामिल नहीं किया गया है। 12 अगस्त को हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ या दिल्ली के लिए भारी बारिश की कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है। हालांकि, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख क्षेत्र, राजस्थान और उत्तराखंड सहित पूर्वी तथा पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।
हरियाणा-पंजाब क्षेत्र में 13 अगस्त को एक बार फिर भारी बारिश की संभावना है। आईएमडी ने इस दिन हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पंजाब तथा हिमाचल प्रदेश के साथ जम्मू-कश्मीर-लद्दाख क्षेत्र, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। IMD के सात दिवसीय वर्षा पूर्वानुमान के अनुसार, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 10 और 11 अगस्त को अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 12 अगस्त को कुछ स्थानों पर, 13 अगस्त को फिर अनेक स्थानों पर तथा 14 से 16 अगस्त तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। पंजाब में 10, 11, 13 और 14 अगस्त को अनेक स्थानों पर तथा 12, 15 और 16 अगस्त को कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है।
इस हफ्ते कहां-कहां मूसलाधार बारिश के आसार
IMD ने कहा है कि पूर्वी राजस्थान में आज (10 अगस्त) अत्यंत भारी बारिश और 11 अगस्त को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान में 11-12 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10-12 अगस्त और पूर्वी मध्य प्रदेश में 10-16 अगस्त तक भारी बारिश होने की संभावना है। एमपी से सटे छसगढ़ और विदर्भ में भी यही हाल रह सकता है। IMD के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में 10 अगस्त और 13-16 अगस्त के दौरान, जबकि विदर्भ में 13-14 अगस्त को भारी वर्षा होने की संभावना है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत का क्या हाल?
IMD ने कहा है कि ओडिशा में 12 से 15 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। उससे सटे बिहार और झारखंड में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। IMD के मुताबिक, झारखंड में 12-16 अगस्त और बिहार में 13-16 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा उत्तर-पूर्व के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10-16 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है। वहीं अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में 15-16 अगस्त को बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौजूदा समय में कई सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग ने कहा है कि इस समय देश का मौसम कई प्रणालियों से प्रभावित हो रहा है। IMD के अनुसार, उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश और उससे सटे छत्तीसगढ़ के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र 10 अगस्त सुबह 5.30 बजे उत्तर मध्य प्रदेश और उसके आसपास के क्षेत्र में पहुंच गया था। इसके अलावा मॉनसून की द्रोणिका जैसलमेर, गुना, कम दबाव क्षेत्र के केंद्र, डाल्टनगंज और दीघा से गुजरते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई थी। इसके साथ ही मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं में एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। IMD के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। इसके प्रभाव से 13 अगस्त के आसपास इसी क्षेत्र में एक और कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
