विकसित भारत के लिए 2047 की डेडलाइन तय, देश उसी रास्ते पर आगे बढ़ रहा है: मोदी

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को आजादी के सौ साल पूरे होने तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के अपनी सरकार के संकल्प को दोहराते हुए गुरूवार को कहा कि इसके लिए देश 2047 की डेडलाइन लेकर चल रहा है। उन्होंने इसकी तुलना मीडियाकर्मियों के रोज समाचार भेजने और छापने की डेडलाइन (समयसीमा) से की।

श्री मोदी ने देशवासियों के सहयोग और शक्ति से यह डेडलाइन पूरी करने के प्रति पूर्ण विश्वास प्रकट करते हुए कहा कि देश जिस गति से पिछले 12 साल में आगे बढ़ा है उससे यह विश्वास पक्का हुआ है कि भारत के लिए अब कुछ भी असंभव नहीं है। श्री मोदी यहां भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय पर पत्रकारों के लिए आयोजित दीपावली मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी काम भी काम के लिए डेडलाइन बहुत जरूरी है, इससे काम में एक अनुशासन आता है।

उन्होंने कहा, ” समाचारों की दुनिया में एक चीज बहुत जरूरी होती है, वो है डेडलाइन। आपकी पूरी जिंदगी डेडलाइन पर चिपकी हुई रहती है। अखबार छपने का समय हो, या स्टोरी ब्रॉडकास्ट करने का, सबकी डेडलाइन तय होती है।” स्वागत संबोधन भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिया और समारोह में पार्टी के तीन पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह (रक्षा मंत्री), अमित शाह (गृह मंत्री) और जगत प्रवेश नड्डा (स्वास्थ्य मंत्री) भी उपस्थित थे। श्री मोदी ने राष्ट्रनिर्माण में मीडिया की भूमिका के महत्व को रेखांकित करते हुए उससे भारत की विकास की कहानी को देश-दुनिया में फैलाने का आग्रह किया। उन्होंने मीडिया से नशामुक्ति अभियान में योगदान करने और सामाजिक एकता को मजबूत करने में अपना योगदान करने की पुरजोर अपील भी की।

प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की एक हालिया रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में 12-13 साल में 50 करोड़ लोग निपट गरीबी के गर्त से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा, ‘आज देश का गरीब अपने को गरीबी से बाहर निकालने में समर्थ हुआ है।” उन्होंने सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका का भी उल्लेख किया और कहा कि आज सबके अपने चैनल है, लोग पॉडकास्ट और रील बना रहे है और हर गली मोहल्ले में लोग अपनी-अपनी राय व्यक्त करते हैं। इससे ‘जितने मुंह उतनी बात’ की लोकोक्ति चरितार्थ होती है और यह ‘भारत के लोकतंत्र की ताकत है।” ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य के बारे में श्री मोदी ने कहा , “आजादी के 100 साल पूरे होने से पहले हमें मिलकर भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है। 2047 की डेडलाइन का मतलब यह नहीं है कि हमें तब तक इंतजार करना है।” उन्होंने इसकी तुलना आजादी के आंदोलन से करते हुए कहा कि पूर्ण स्वराज का लक्ष्य एक-दो दिन में पूरा होने वाला नहीं था।

उन्होंने कहा ” लेकिन धीरे-धीरे छोटे लक्ष्य तय हुए, वो पूरे हुए और फिर लोगों में विश्वास जगा कि आजादी जरूर मिलेगी और पूरा देश इस संकल्प के साथ खड़ा हो गया। विकसित भारत के लक्ष्य तक भी हमें देश का यही विश्वास लेकर जाएगा। हम छोटे-बड़े अनेक लक्ष्य पूरे करते हुए आगे बढ़ेंगे तभी विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंच पाएंगे। ” उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में चंद्रमा के दक्षिणी ध्रव पर मिशन की सफलता, दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बनने, चिनाब नदी पर दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज के निर्माण 12 साल में अपनी सौर ऊर्जा की स्थापित क्षमता में 50 गुना से ज्यादा की वृद्धि और इसी दौर में तीसरा सबसे बड़े स्टार्टअप वाला देश बनने जैसी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए देश की नयी शक्ति और क्षमताओं को रेखांकित किया।

प्रधानमंत्री ने कहा, ”आज भारत जिन उपलब्धियों के साथ आगे बढ़ रहा है, उसमें विकसित भारत के लक्ष्य को पाना असंभव नहीं है।” उन्होंने गरीबों के लिए घरों के निर्माण, घर-घर शौचालय और गरीबों के लिए मुफ्त गैस कनेक्शन तथा लखपती दीदी जैसी अन्य कई उपलब्धियों का भी उल्लेख किया ।” प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत अभियान जैसे अभियानों में मीडिया की सार्थक भूमिका को याद करते उससे नशामुक्ति, समाज में एकता की भावना बढ़ाने और भारत की कहानी -जो कहने सुनने लायक अच्छी कहानी हो, उसे दुनिया के सामने ले जाने की अपील की। उन्होंने कहा, ” मैं एक और विषय पर आपका सहयोग चाहूंगा। अब हमें नशे को लेकर भी वैसी ही जागरूकता निभानी होगी। हमें अपने युवाओं को इन सबसे बाहर निकालना ही होगा।” उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकार तथा देश में एकता बढ़ाने वाले विषयों को जब मीडिया अपने मंचों पर जगह देगा, अपनी चर्चाओं का हिस्सा बनाएगा, तब विकसित भारत के अभियान को और गति मिलेगी।

उन्होंने कहा, ”मैं अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में निरंतर कोशिश करता हूं कि देश की उपलब्धियों तथा लोगों की उपलब्धियों को मंच देता रहूं। मैं देश के मीडिया से भी आग्रह करूंगा कि भारत की सफलताओं से जुड़ी कहानियों पर काम करिए, उन्हें आगे बढ़ाइए…ये आपकी तरफ से बहुत बड़ी देशसेवा होगी।” श्री मोदी ने मीडिया के साथ अपने लंबे संबंधों को याद करते हुए कहा, ” मेरा लंबे समय से आप सब की दुनिया के साथ एक सहज संबंध रहा है। प्रेस रिलीज से लेकर इंस्टा रील तक मैंने मीडिया का, मीडिया संवाद का एक लंबा दौर देखा है। मुझे याद है कि 90 के दशक की शुरुआत में मुझे दो बड़ी यात्राओं में देशभर में व्यवस्थाओं के लिए दायित्व मिला था। ये वो दौर था, जब प्रेस रिलीज भेजने के लिए भी, फैक्स मशीन ढूंढनी पड़ती थी।

उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब दीपावली मिलन जैसे कार्यक्रमों में उनकी जिम्मेदारी कुर्सियां लगवाने की होती थी। श्री मोदी ने मीडिया कर्मियों को काम के चक्कर में त्योहारों पर भी घर परिवार से दूर रहने की विवशता और आवश्यकता का उल्लेख करते हुए इस कार्यक्रम में आने के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा, ”अभी-अभी दीपावली का पर्व बीता है और अब छठ की भी तैयारी अंतिम दौर पर है। मैं आप सभी को, आपके परिवारजनों को इन पर्वों की बहुत बहुत शुभकामनाएं देता हूं।” औपचारिक संबोधन के बाद श्री मोदी आमंत्रित मीडिया कर्मियों के स्थान पर जा कर उनसे हास्य विनोद के साथ मिले। कई पत्रकारों ने प्रधानमंत्री के साथ सेल्फी ली।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *