रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, प्रख्यात संविधान विशेषज्ञ, गांधीवादी विचारक एवं ख्यात लेखक कनक तिवारी के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने उनके निधन के समाचार को अत्यंत दुःखद बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। साथ ही शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने शोक संदेश में कहा कि छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, संविधान विशेषज्ञ एवं ख्यात लेखक श्री कनक तिवारी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश के अंत में ‘ॐ शांति’ लिखकर दिवंगत कनक तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कनक तिवारी की पहचान देश के जाने-माने गांधीवादी विचारक, संविधान विशेषज्ञ और लेखक के रूप में रही है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई थी। कानून के साथ-साथ साहित्य और वैचारिक चिंतन के क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान थी। संविधान, लोकतंत्र और गांधीवादी विचारधारा से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी रुचि रही। कनक तिवारी पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। उन्होंने पांच सितंबर को सोशल मीडिया के माध्यम से पांचवीं बार आईसीयू में भर्ती होने की जानकारी साझा की थी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 19 सितंबर को उन्होंने पद्मनाभपुर में गणेश उत्सव के अवसर पर हुए अपने सार्वजनिक अभिनंदन का उल्लेख किया था।
सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले कनक तिवारी के स्वास्थ्य को लेकर उनके प्रशंसक और शुभचिंतक पिछले कई दिनों से चिंतित थे। उनके निधन से प्रदेश के साहित्यिक, विधिक और बौद्धिक जगत को बड़ी क्षति पहुंची है। उनकी लेखनी और वैचारिक योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा। कनक तिवारी ने बीती रात अंतिम सांस ली। उनके पार्थिव शरीर को भिलाई के बीएम शाह अस्पताल में रखा गया है। विदेश में रह रही उनकी बेटी के लौटने के बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार के समय और स्थान की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दुःखद घड़ी में दिवंगत कनक तिवारी के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।
