सावित्री देवी के निधन से शोक में डूबा योगी परिवार, CM योगी की मां नहीं रहीं

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

उत्तराखंड: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से परेशान थीं। उनके निधन की खबर से परिवार और राजनीतिक जगत में शोक की लहर है।

जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी ने सुबह करीब 11 बजे अपने आवास पर आखिरी सांस ली। उस समय घर पर उनके बेटे महेंद्र और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। पौड़ी गढ़वाल के पुलिस अधिकारियों और परिवार के सदस्यों ने उनके निधन की पुष्टि की है।

ऋषिकेश में हो सकता है अंतिम संस्कार

सावित्री देवी के निधन के बाद परिवार के सदस्य और रिश्तेदार पंचूर गांव पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपनी मां के अंतिम दर्शन के लिए गांव पहुंच सकते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार शनिवार को उत्तराखंड में किए जाने की संभावना है। हालांकि, अंतिम संस्कार के स्थान और समय को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। कुछ शुरुआती रिपोर्टों में ऋषिकेश के संपूर्णानंद घाट का जिक्र किया गया है, जबकि अन्य रिपोर्टों में हरिद्वार की जानकारी सामने आई है।

मां के निधन के समय गोरखपुर में कार्यक्रम कर रहे थे योगी

जिस समय सावित्री देवी का निधन हुआ, उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। वह सशक्त युवा, समृद्ध उत्तर प्रदेश कार्यक्रम में शामिल थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान उन्हें मां के निधन की सूचना दी गई। इसके बाद भी उन्होंने निर्धारित कार्यक्रम पूरा किया और बच्चों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

कौन थीं सावित्री देवी? जानिए योगी आदित्यनाथ के परिवार के बारे में

सावित्री देवी का परिवार उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में रहता है। उनके पति आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर थे। उनका निधन 20 अप्रैल 2020 को हो गया था।

योगी आदित्यनाथ का मूल नाम अजय सिंह बिष्ट है। वह अपने माता-पिता की सात संतानों में पांचवें नंबर पर हैं। उनके परिवार में तीन बड़ी बहनें, एक बड़े भाई और दो छोटे भाई हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *