न्यूजीलैंड की परिस्थितियां शुभमन गिल के लिए बन सकती हैं सबसे बड़ी चुनौती, करना होगा सामना

खेल मुख्य समाचार

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला, गुरुवार से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम ने पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। 15 नवंबर को वनडे सीरीज समाप्त होने से पहले ही कई खिलाड़ियों को तैयारियों के लिए टेस्ट स्क्वॉड में बुला लिया गया था। उन प्लेयर्स में शुभमन गिल, केएल राहुल, गुरनूर बराड़ और अंशुल कंबोज शामिल हैं।

शुभमन गिल ने इस टेस्ट सीरीज के लिए लगभग महीने भर पहले से ही अपनी तैयारियां शुरू कर दी थीं। उन्होंने न्यूजीलैंड की परिस्थितियों को अच्छे से परखने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद शुभमन गिल ने रणजी ट्रॉफी के पहले राउंड का मुकाबला खेला था। उसके बाद वे अपने खर्चे पर नेट गेंदबाजों को लेकर टेस्ट की तैयारियों के लिहाज से न्यूजीलैंड रवाना हो गए थे। न्यूजीलैंड वनडे सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय कप्तान ने खूब प्रैक्टिस की और टेस्ट में इतना फोकस रखा कि तीन वनडे मैचों के बाद टेस्ट की तैयारियों के लिए बाकी के दो मैच छोड़ दिए।

शुभमन गिल ने जबसे भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली है, वे निखरकर सामने आए हैं, लेकिन न्यूजीलैंड की परिस्थियां उनके लिए मुश्किल हो सकती हैं। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि उन्होंने भारत के लिए अब तक 3043 रन बनाए हैं, जिनमें से 1499 रन भारत में आए हैं। ऑस्ट्रेलिया में उनके 342 रन हैं, जिनमें ज्यादातर 2021 में उनकी डेब्यू सीरीज में बने थे। हिलती गेंद के सामने गिल के फैसले न ले पाने का एक बड़ा उदाहरण पिछली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान देखने को मिला, जहां उन्होंने पांच पारियों में बिना एक भी फिफ्टी लगाए सिर्फ 93 रन बनाए थे। 2024 में साउथ अफ्रीका में भी गिल चार पारियों में सिर्फ 74 रन बना पाए। इंग्लैंड में भी अगर उनकी रिकॉर्ड तोड़ने वाली 2025 सीरीज को छोड़ दिया जाए, तो गिल के बाकी तीन टेस्ट मैचों में चार पारियों में सिर्फ़ 88 रन बने हैं। सेना देशों की इस तरह के रिकॉर्ड शुभमन गिल के प्रशंसकों के लिए चिंता का सबस बन सकते हैं। न्यूजीलैंड में गिल को मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। वनडे सीरीज में भी उनकी बल्लेबाजी में खास दम नहीं दिखा। ऐसे में विशेषज्ञों का यह मानना है कि यह सीरीज शुभमन गिल के लिए काफी मुश्किल भरी हो सकती है।

भारत के पूर्व ओपनर वसीम जाफर ने हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में शुभमन गिल के बारे में बात करते हुए कहा- “जब वह बैटिंग कर रहा हो, तो शुभमन को कप्तानी की ज्यादा चिंता नहीं करनी चाहिए।” उन्होंने कहा- “पहली 30 गेंदें ज़रूरी हैं। अगर वह उन गेंदों को पार कर लेता है, तो वह खतरनाक हो जाएगा। इंग्लैंड में हालात उतने मुश्किल नहीं थे जितने पिछले कुछ भारतीय दौरों पर रहे हैं। हमने शुभमन के साथ देखा है कि जब गेंद सीम कर रही होती है, खासकर जब वह अंदर आ रही होती है, तो वह कभी-कभी थोड़ा स्ट्रगल करता है। लेकिन यह ऐसी चीज नहीं है जिसे वह पार नहीं कर सकता।” यानी जाफर का मानना है कि गिल के लिए परिस्थितियां मुश्किल हैं, कई चुनौतियां होंगी, लेकिन इन चुनौतियों को पार पाना होगा। बिना गिल की धारदार बल्लेबाजी के भारत की जीत की संभावना कम हो जाती है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *