उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वास जताया है कि 2027 के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करेगी। नेटवर्क18 के एक कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि चुनाव के नतीजे किस दिशा में जा रहे हैं, इसे लेकर रत्ती भर भी संदेह नहीं है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या आगामी चुनावों में भाजपा 320 से ज्यादा सीटों का आंकड़ा पार करेगी, तो मुख्यमंत्री ने कहा, “आप यह तय मान सकते हैं कि चुनाव उसी दिशा में बढ़ रहा है; इसमें कोई संदेह नहीं है। किसी भी महिला, युवा, व्यापारी या गरीब से पूछ लीजिए, हर कोई यही कहेगा कि भाजपा को तीसरी बार वापस आना चाहिए।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूछा गया कि क्या इस बार बीजेपी गठबंधन को यूपी में 80 फीसदी वोट और 80 फीसदी सीटें मिलेंगी? इस पर योगी ने कहा कि बीजेपी पहले भी ऐसी उपलब्धियां हासिल कर चुकी है। उन्होंने कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार, निवेश और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर को अपनी सरकार की उपलब्धियां बताया। योगी ने दावा किया कि यूपी की जनता विकास और सुशासन के लिए बीजेपी को फिर मौका देगी और पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।
’15-20 फीसदी लोग विकास नहीं चाहते’
बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज के एक वर्ग पर विकास कार्यों का विरोध करने और हर बात में नकारात्मकता ढूंढने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 से 20 फीसदी लोग ऐसे हैं, जो विकास नहीं चाहते और हर चीज में केवल खामियां देखते हैं। सीएम योगी ने सख्त लहजे में कहा कि जो लोग उत्सव के बजाय अशांति को तरजीह देते हैं, उनके मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।
सपा के ‘गुंडाराज’ और दंगों को चुनावी मुद्दा बनाएगी भाजपा
आगामी चुनाव की रणनीति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दल विपक्ष के कार्यकाल की कानून-व्यवस्था को एक प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाएंगे। पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस सरकारों पर अराजकता के दौर को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, “भाजपा अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सपा और कांग्रेस शासन के कथित जंगलराज, गुंडाराज, कर्फ्यू और दंगों के मुद्दों को जनता के बीच रखकर यह चुनाव लड़ेगी।”
अपनी बात दोहराते हुए उन्होंने कहा कि इसमें कोई दोराय नहीं है कि भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफल होगी।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा के लिए फरवरी 2027 में चुनाव होने हैं, जहां भाजपा के सामने सपा और कांग्रेस के संयुक्त गठबंधन की चुनौती होगी। इससे पहले 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 255 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी थी, जबकि समाजवादी पार्टी को 111 सीटों पर जीत मिली थी।
