कैल्शियम सिर्फ हड्डियों के लिए ही जरूरी नहीं है। यह दांतों, मसल्स और नसों के सही काम के लिए भी जरूरी होता है। आमतौर पर कैल्शियम की बात आते ही सबसे पहले दूध, दही और पनीर जैसे डेयरी प्रोडक्ट्स का नाम आता है। लेकिन कुछ लोगों को दूध पसंद नहीं होता या फिर कुछ लोगों को दूध या डेयरी चीजें खाने से पेट से जुड़ी परेशानी हो सकती है। ऐसे में सवाल आता है कि बिना दूध-दही के शरीर को कैल्शियम कैसे मिलेगा?
आपके किचन में ऐसी कई चीजें मौजूद हैं, जिनमें कैल्शियम पाया जाता है। खास बात यह है कि इन्हें खाने के लिए आपको अपनी पूरी डाइट बदलने की जरूरत भी नहीं है।
कैल्शियम के लिए इन चीजों को ले सकते हैं-
1. रागी को बनाएं डाइट का हिस्सा
रागी कैल्शियम पाने का एक अच्छा तरीका है। इसे खाने के लिए कोई खास मेहनत भी नहीं करनी पड़ती। आप रागी की रोटी, चीला, डोसा, दलिया या खिचड़ी बना सकते हैं। अगर रोज रागी खाना पसंद नहीं है, तो हफ्ते में कई बार इसे अलग-अलग तरह से डाइट में शामिल किया जा सकता है।
2. खाने पर डालें थोड़ा तिल
सफेद और काले दोनों तरह के तिल में कैल्शियम होता है। इन्हें अपनी डाइट में शामिल करना भी काफी आसान है। आप तिल को चटनी में डाल सकते हैं या सब्जी और सलाद के ऊपर छिड़क सकते हैं। तिल के लड्डू भी एक विकल्प हैं। बस इन्हें जरूरत से ज्यादा खाने से बचें।
3. टोफू और सोया मिल्क
अगर आप दूध नहीं पीते हैं, तो टोफू और सोया से बनी दूसरी चीजें आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकती हैं। टोफू को सब्जी, भुर्जी या सलाद में शामिल कर सकते हैं। सोया मिल्क भी ले सकते हैं, बस पैकेट वाला सोया मिल्क खरीदते समय यह जरूर देखें कि उसमें कैल्शियम मिलाया गया है या नहीं।
4. हरी सब्जियां भी जरूरी
कैल्शियम के लिए हरी सब्जियां भी आपकी मदद कर सकती हैं। ब्रोकली और दूसरी हरी सब्जियों को रोज के खाने में शामिल करें। सरसों का साग और दूसरी पत्तेदार सब्जियां भी खा सकते हैं। इससे सिर्फ कैल्शियम ही नहीं, बल्कि शरीर को दूसरे जरूरी पोषक तत्व भी मिलते हैं।
5. बादाम और कुछ मछलियां
बादाम भी कैल्शियम वाली चीजों में शामिल हैं। आप इन्हें नाश्ते में या खाने के बीच में थोड़ी मात्रा में ले सकते हैं। अगर आप मछली खाते हैं, तो कुछ छोटी मछलियां भी कैल्शियम दे सकती हैं, खासकर जब उनकी नरम हड्डियों के साथ खाई जाएं। इसके अलावा बाजार में कुछ ऐसे पौधों से बने दूध भी मिलते हैं, जिनमें कैल्शियम अलग से मिलाया जाता है। इन्हें खरीदने से पहले पैकेट पर कैल्शियम की मात्रा जरूर देखें।
कैल्शियम के साथ विटामिन D भी जरूरी
सिर्फ कैल्शियम खाना ही काफी नहीं है। शरीर को कैल्शियम का सही इस्तेमाल करने के लिए विटामिन डी की भी जरूरत होती है। इसलिए अपनी डाइट में विटामिन डी वाले खाद्य पदार्थों को भी जगह दें और डॉक्टर की सलाह के अनुसार इसकी कमी को पूरा करें। अगर आपको लगता है कि शरीर में कैल्शियम की कमी है, तो खुद से कैल्शियम की ज्यादा मात्रा वाली गोलियां शुरू ना करें। पहले डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लें।
