नयी दिल्ली, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित विभिन्न नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है और उनके लंबे, स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना की है।
श्री राधाकृष्णन ने शनिवार को श्रीमती मुर्मु को जन्मदिन की बधाई देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। राष्ट्रपति मुर्मु जी ने हमेशा वंचित वर्गों के हितों की वकालत की है और खुद को राष्ट्र की सेवा में समर्पित किया है। समावेशी विकास और सामाजिक कल्याण के प्रति उनकी अद्भुत प्रतिबद्धता देश भर के लोगों को प्रेरित करती रहती है।”
उन्होंने कहा, “सादगी, विनम्रता और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण से भरा उनका जीवन और सार्वजनिक सफर देश भर के अनगिनत लोगों को प्रेरित करता है। मैं उनके लंबे, स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना करता हूँ, ताकि वे राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान देती रहें।”
वहीं, श्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। साहस, सादगी, विनम्रता और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण से भरी उनकी जीवन-यात्रा देश भर के लोगों को प्रेरित करती रही है।”
उन्होंने कहा, “सार्वजनिक जीवन में अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने देश की बेहतरीन सेवा की है और वह विशेष रूप से वंचित और हाशिए पर रहने वाले लोगों के कल्याण के प्रति समर्पित रही हैं। भारत के विकास के प्रति उनका अटूट समर्पण बहुत प्रेरणादायक है। ईश्वर उन्हें देश की सेवा में लंबा और स्वस्थ जीवन प्रदान करे। मैं आज ओडिशा में होने वाले कार्यक्रम में उनसे मिलने के लिए उत्सुक हूँ।”
श्री सिंह ने श्रीमती मुर्मु को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। उन्होंने अपना जीवन समाज की सेवा और लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित किया है। समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और नागरिकों के कल्याण के प्रति अपनी समझदारी और प्रतिबद्धता के ज़रिए वह जन-सेवा की सच्ची भावना का प्रतिनिधित्व करती हैं। राष्ट्र की सेवा में उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और लंबी उम्र की कामना करता हूँ।”
