ट्रंप का बड़ा ऐलान: अमेरिका के लिए आ रहे दुनिया के सबसे बड़े तेल टैंकर, ईरान से बातचीत के बीच तनाव बढ़ा!

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

दुनिया भर में तेल संकट की आशंका के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े खाली तेल टैंकरों की भारी संख्या अभी अमेरिका की ओर जा रही है, जहां वे तेल और गैस लोड करेंगे। ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘दुनिया के सबसे बड़े कुछ खाली तेल टैंकरों की भारी संख्या अभी अमेरिका की ओर जा रही है ताकि दुनिया के सबसे बेहतरीन व मीठे तेल और गैस को लोड किया जा सके। हमारे पास अगली दो सबसे बड़ी तेल अर्थव्यवस्थाओं के कुल मिलाकर जितना तेल है, उससे भी ज्यादा है और उसकी क्वालिटी भी बेहतर है।’

यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और ईरान के सीनियर अधिकारी पाकिस्तानी मध्यस्थों के साथ इस्लामाबाद में बैठक कर रहे हैं। ईरान ने कहा है कि आमने-सामने की बातचीत शुरू करने से पहले वाशिंगटन को उसकी कुछ रेड लाइन्स स्वीकार करनी होंगी, ताकि दोनों देशों के बीच 6 हफ्ते पुरानी जंग खत्म हो सके। ट्रंप ने इस हफ्ते पहले कहा था कि ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले टैंकरों से कोई फीस नहीं लेनी चाहिए, जिसकी वजह से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में अब तक का सबसे बड़ा संकट पैदा हो गया है।

ईरान ने बातचीत के लिए 10 सूत्री योजना रखी है, जिसमें पश्चिम एशिया से अमेरिकी सेनाओं की वापसी, ईरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाने और उसे होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण की इजाजत देने की मांगें शामिल हैं। ईरानी मीडिया ने बताया कि इस्लामाबाद गये ईरान के प्रतिनिधिमंडल में वार्ताकारों, विशेषज्ञों और सुरक्षा अधिकारियों समेत 71 लोग शामिल हैं। ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने लेबनान में देश के राजदूत मोहम्मद रजा शिबानी के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा था कि लेबनान पर इजरायली हमले ने शुरुआती युद्धविराम का स्पष्ट रूप से उल्लंघन किया है और इससे बातचीत का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।

बातचीत के लिए इस्लामाबाद को रेड अलर्ट पर रखा गया है और वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *