इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के छठे मुकाबले में आज कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम आमने-सामने होगी। दोनों ही टीमों के लिए इस सीजन की शुरुआत बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार नहीं रही। 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स को शिकस्त झेलनी पड़ी, वहीं सनराइजर्स हैदराबाद को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 200 से अधिक का स्कोर बनाने के बावजूद 6 विकेट से हार मिली थी। ऐसे में आज दोनों टीमें अपनी पहली जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी।
बता दें कि कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच यह मुकाबला आज शाम 7:30 बजे कोलकाता के ईडेन गार्डन्स इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। जबकि टॉस आधे घंटे पहले 6:30 बजे होगा। मुकाबले से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग 11, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
KKR की घर में पहली जीत पर होगी नजर

कोलकाता नाइट राइडर्स इस मुकाबले में अपनी गेंदबाजी की चुनौतियों को दूर करने की कोशिश करेगी, खासकर स्पिन विभाग में। यह मैच टीम के लिए घरेलू मैदान पर अहम मुकाबलों की शुरुआत है। अगले एक हफ्ते में उन्हें तीन मैच खेलने हैं और राज्य चुनावों के कारण लंबे ब्रेक से पहले 19 अप्रैल को एक और मुकाबला है। ऐसे में तीन बार की चैंपियन टीम अपने परिचित माहौल का पूरा फायदा उठाने के लिए बेकरार है।
हैदराबाद से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

अपने पहले मैच में हार के बाद सनराइजर्स हैदराबाद भी कुछ समान समस्याओं का सामना कर रही है। उनके पास अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और ट्रैविस हेड जैसे मजबूत टॉप ऑर्डर हैं, लेकिन उनकी गेंदबाजी यूनिट 200 से अधिक का स्कोर बचाने में कठिनाई महसूस कर रही है। इसके अलावा, फिटनेस मुद्दों के चलते पैट कमिंस की अनुपस्थिति ने टीम की कमजोरी और बढ़ा दी है।
KKR बनाम SRH में किसका पलड़ा है भारी?

कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हेड-टू-हेड आंकड़ों पर नजर डालें तो इसमें कोलकाता का पलड़ा भारी है। आईपीएल के इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें कोलकाता ने 20 मैच अपने नाम किए हैं, वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम सिर्फ 10 मैच ही जीतने में कामयाब हो सकी है।
आईपीएल 2025 में दोनों टीमों के बीच कुल 2 मुकाबले खेले गए थे, जिसमें एक मुकाबला केकेआर ने जीता था, जबकि एक मैच सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने अपने नाम किया था।
ईडन गार्डन्स की पिच रिपोर्ट

कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम की पिच पारंपरिक रूप से बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां शुरुआत में विकेट पर अच्छा बाउंस और ट्रू पेस देखने को मिलता है, जिससे बल्लेबाजों को अपने शॉट्स खेलने में आसानी होती है। नई गेंद के साथ तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में स्विंग और उछाल मिलती है, लेकिन जैसे-जैसे गेंद पुरानी होती जाती है, बल्लेबाजी करना और आसान हो जाता है।
इस मैदान की खासियत इसकी छोटी स्क्वेयर बाउंड्री है, जिसके चलते यहां बड़े स्कोर बनना आम बात है। आईपीएल मैचों में यहां पहली पारी का औसत स्कोर लगभग 170-185 के बीच रहता है। बल्लेबाजों के लिए यह एक हाई-स्कोरिंग वेन्यू साबित होता है, जहां चौके-छक्कों की भरमार देखने को मिलती है।
हालांकि मैच आगे बढ़ने के साथ पिच थोड़ी धीमी होने लगती है, जिससे मिडिल ओवर्स और डेथ ओवर्स में स्पिन गेंदबाजों को कुछ मदद मिलने लगती है। इसके बावजूद, कुल मिलाकर यह पिच बल्लेबाजों के पक्ष में ही झुकी रहती है।
रात के मुकाबलों में ओस (ड्यू) का असर काफी अहम होता है। दूसरी पारी में गेंद बल्ले पर बेहतर तरीके से आती है, लेकिन गेंदबाजों के लिए गेंद पकड़ना मुश्किल हो जाता है। यही वजह है कि इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को ज्यादा सफलता मिली है।
आंकड़ों की बात करें तो आईपीएल में ईडन गार्डन्स पर अब तक कुल 100 मैच खेले गए हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 42 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने 57 मैच अपने नाम किए हैं। वहीं एक मुकाबला बेनतीजा रहा है।
इसके अलावा, आईपीएल 2024 में पंजाब किंग्स ने केकेआर के खिलाफ 262 रनों का ऐतिहासिक सफल रनचेज इसी मैदान पर किया था, जो टी20 इतिहास के सबसे बड़े सफल लक्ष्य में से एक है। ऐसे में कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि ईडन गार्डन्स की पिच एक संतुलित लेकिन बल्लेबाजी के लिए अनुकूल सतह है, जहां टॉस जीतने वाली टीमें अक्सर पहले गेंदबाजी करना पसंद करती हैं।
ईडन गार्डन्स में कैसा है दोनों टीमों का रिकॉर्ड?
कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच ईडन गार्डन्स स्टेडियम में रिकॉर्ड देखें तो कोलकाता का पलड़ा काफी भारी नजर आता है। दोनों टीमों ने इस मैदान पर अब तक कुल 11 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से कोलकाता ने 8 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि हैदराबाद सिर्फ 3 बार ही जीत दर्ज कर पाई है। ध्यान देने वाली बात यह है कि सनराइजर्स हैदराबाद ने पिछली बार कोलकाता को ईडन गार्डन्स में आईपीएल 2023 में हराया था, तब उन्होंने मैच 23 रनों से जीता था।
कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की संभावित प्लेइंग 11

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)
फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजरबानी, मनीष पांडे।
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH)
अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर और कप्तान), हेनरिक क्लासन, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, डेविड पैन।
कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं, जहां दर्शक टीवी पर इस मैच का सीधा प्रसारण शाम 7:30 बजे से देख सकते हैं। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग के लिए मुकाबला जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगा।
