रायपुर। अंतर्राज्यीय ठग गिरफ्तार किए गए है। विष्णु दत्त बघेल निवासी कंचनगंगा फेस-02 डीडी नगर, रायपुर ने थाना डी डी नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। दिनांक 08.11.2025 को दोपहर के समय उनके मोबाइल नंबर पर अनेक मैसेज प्राप्त हुए, जिन्हें पढ़ने के लिए उन्होंने ओपन किया। इसके पश्चात उनके यूको बैंक एवं एक्सिस बैंक के खातों से अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने संबंधी संदेश प्राप्त हुए। दिनांक 08.11.2025 से 10.11.2025 के मध्य विभिन्न किश्तों में उनके बैंक खातों से कुल 3,94,000 की राशि अनधिकृत रूप से निकाल ली गई। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके मोबाइल पर मैसेज भेजकर मोबाइल हैक किया गया तथा उनके बैंक खातों से कुल 3,94,000 का अनधिकृत ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर साइबर धोखाधड़ी की गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना डी डी नगर में अपराध क्रमांक 186/26 धारा 318(4) बीएनएस, 66(डी) आईटी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा आरोपी की शीघ्र पतासाजी एवं गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट एवं थाना डीडी नगर की संयुक्त टीम का गठन कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत जांच प्रारंभ की गई। टीम के सदस्यों द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ की गई। साथ ही तकनीकी विश्लेषण, बैंकिंग ट्रांजेक्शन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए आपसी कड़ियों को जोड़कर तकनीकी साक्ष्यों एवं बैंकिंग ट्रांजेक्शन का लगातार विश्लेषण किया गया। विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करते हुए उनकी लोकेशन झारखण्ड राज्य के बोकारो जिले में प्राप्त हुई।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट एवं थाना डीडी नगर की संयुक्त पुलिस टीम तत्काल बोकारो (झारखण्ड) रवाना हुई तथा वहां लगातार कैंप कर तकनीकी साक्ष्यों एवं स्थानीय स्तर पर प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की सतत पतासाजी की गई। अथक प्रयासों के पश्चात टीम द्वारा आरोपी विशाल कुमार सिंह एवं महेश प्रसाद सिंह को पकड़ा गया। प्राप्त तकनीकी एवं दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी के मोबाइल पर फर्जी संदेश भेजकर मोबाइल हैक करने तथा बैंक खातों से अनधिकृत ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से साइबर ठगी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से *घटना में प्रयुक्त 02 नग मोबाइल फोन, 01 नग चेक बुक एवं नगद राशि 2,000/- जप्त* की गई। जप्त मोबाइल फोन एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी परीक्षण किया जा रहा है, ताकि इस साइबर ठगी गिरोह के नेटवर्क, उसके अन्य सहयोगियों तथा देश के विभिन्न राज्यों में उनके द्वारा की गई संभावित साइबर ठगी की घटनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की जा सके। प्रकरण में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही उनके बैंक खातों, डिजिटल उपकरणों, मोबाइल नंबरों एवं सोशल मीडिया आईडी का तकनीकी विश्लेषण कर गिरोह के संपूर्ण नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
विशाल कुमार सिंग पिता अरविंद कुमार सिंग उम्र 26 साल पता ग्राम कटका, थाना बालीडीह जिला बोकारो झारखण्ड़।
महेश प्रसाद सिंग पिता बिगन सिंग उम्र 34 साल पता ग्राम बांधडीह थाना जरीडीह जिला बोकारो झारखण्ड।
