पिता से इलाज के 50 हजार लूटे, बेटी की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले 2 लुटेरे गिरफ्तार

प्रादेशिक मुख्य समाचार
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बेटी की डिलीवरी और इलाज के लिए जुटाए गए 50 हजार रुपए की झपटमारी का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने इस घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों युवकों ने एक व्यक्ति के हाथ से 50 हजार रुपए झपट लिए और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से खर्च के बाद बची नकदी भी बरामद की है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित व्यक्ति 10 अक्टूबर 2026 को अपनी बेटी की डिलीवरी और इलाज के सिलसिले में बलौदाबाजार के चंदादेवी अस्पताल में मौजूद था। बेटी के इलाज के लिए उसने 50 हजार रुपए की व्यवस्था की थी। इसी दौरान 13 अक्टूबर को वह अपने रिश्तेदार पीलाराम ध्रुव के साथ रायपुर रोड स्थित शराब भट्टी के पास गया था। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11 बजे जब पीड़ित अपनी पैंट से रुपए निकाल रहा था, तभी वहां मौजूद दो युवकों की नजर उसके हाथ में रखी नकदी पर पड़ी।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने मौका देखकर पीड़ित के हाथ से 50 हजार रुपए झपट लिए। अचानक हुई इस घटना से पीड़ित घबरा गया और उसने आरोपियों का विरोध किया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने पीछे से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद दोनों आरोपी नकदी लेकर मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। बेटी के इलाज के लिए जुटाई गई रकम लूटे जाने से पीड़ित को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास जांच की। आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर पतासाजी करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर ली। इसके बाद कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *