शादी के मंडप में दुल्हन का बड़ा फैसला: शराबी दूल्हे को देख फेरे से किया इनकार, 3 लाख देकर लौटी बारात

प्रादेशिक मुख्य समाचार

जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक युवती ने हिम्मत दिखाते शादी के दिन दूल्हे को बुरी हालत में देखने के बाद उसके साथ फेरे लेने से इनकार कर दिया और अपनी शादी को तोड़ दिया। दरअसल विवाह समारोह के दौरान जब दुल्हन ने देखा कि दूल्हा शराब के नशे में धुत होकर आया है, तो उससे शादी करने से इनकार कर दिया। युवती का कहना है कि सगाई के दिन भी वह इसी हालत में आया था और तब विरोध जताने पर उसने शराब छोड़ने की बात कही थी। युवती के इस फैसले के बाद वहां विवाद हो गया। बाद में लड़के वाले शादी में हुए खर्च के बदले लड़की वालों को 3 लाख रुपए देने पर सहमत हो गए, जिसके बाद वे वहां से निकल सके। उधर इस घटना के बाद पुलिस ने युवती को सम्मानित भी किया है।

इस घटना की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि जिले के चांपा पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसमंदा गांव निवासी दुल्हन मुस्कान प्रधान (22) की शादी 23 जून को खोखरा गांव के रहने वाले संत राम (24) से होनी थी। बारात शाम करीब चार बजे कोसमंदा गांव पहुंची और उसके तुरंत बाद शादी की रस्में शुरू हो गईं। इस दौरान दूल्हा इतना नशे में था कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।

दुल्हन के इनकार करने के बाद फैल गया तनाव

दूल्हे की हालत के बारे में पता चलने पर मुस्कान ने शादी करने से इनकार कर दिया। अधिकारी ने आगे बताया कि दुल्हन के इस फैसले के बाद दोनों परिवारों के सदस्यों और शादी में आए मेहमानों के बीच तनाव बढ़ गया। उन्होंने बताया कि स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई और चांपा पुलिस थाने के प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में एक दल को गांव भेजा गया।

मुस्कान ने सगाई के वक्त हुई घटना बताई

अधिकारियों के अनुसार मुस्कान ने पुलिस को बताया कि सगाई के दौरान भी दूल्हा नशे में आया था, जिसके बाद उसने उसे शराब पीने से मना किया था, तब दूल्हे ने वादा किया था कि वह शराब पीना छोड़ देगा। लेकिन जब उसने ऐसा नहीं किया तो मुस्कान ने शादी तोड़ दी।

दूल्हा-दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच हुई हाथापाई

थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बताया कि जब दोनों पक्षों के परिवार के बड़े-बुजुर्ग इस मुद्दे पर बातचीत कर रहे थे, तभी बारात के साथ आए कुछ युवकों और दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच हाथापाई हो गई। अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

वधू पक्ष को तीन लाख रुपए देने को तैयार हुआ वर पक्ष

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों परिवारों में हुए विवाद के बाद दूल्हे का परिवार शादी की तैयारियों में हुए खर्च के बदले दुल्हन के परिवार को लगभग तीन लाख रुपए देने पर सहमत हो गया। उधर इस घटना के बाद नशे के खिलाफ आवाज उठाने के लिए गुरुवार को जांजगीर शहर में पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय कुमार पांडेय ने अपने कार्यालय में मुस्कान को सम्मानित किया। इस दौरान कई समाजसेवी और महिला प्रतिनिधि की मौजूद रहीं।

इस घटना की गांव और आसपास के इलाकों में काफी चर्चा हो रही है। कई निवासी युवती के फैसले की तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने मुस्कान के फैसले को उन परिवारों के लिए प्रेरणा बताया जो अक्सर शादी-ब्याह के समय नशे की लत और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार को नजरअंदाज कर देते हैं।पुलिस ने कहा है कि यह घटना शराब के नशे के खिलाफ एक कड़ा संदेश देती है और शादी में जिम्मेदारी, सम्मान और अच्छे व्यवहार के महत्व को उजागर करती है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *