केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद छलका राजा रघुवंशी की मां का दर्द, बोलीं- अगर सोनम को जमानत नहीं मिलती तो शायद…

प्रादेशिक मुख्य समाचार राष्ट्रीय

इंदौर। पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या ने एक बार फिर इंदौर के राजा रघुवंशी की घटना याद दिला दी है। जिस तरह हनीमून के लिए मेघालय गए राजा रघुवंशी को कथित तौर पर उसकी पत्नी सोनम ने प्रेमी के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया था, उसी तरह केतन को उसकी मंगेतर सिया गोयल ने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ लोहागढ़ किले में धक्का देकर मार डाला। केतन अग्रवाल-सिया गोयल की कहानी बहुत हद तक राजा रघुवंशी और सोनम से मिलती जुलती है। अब राजा रघुवंशी की मां ने सिया की करतूत के लिए सोनम को भी एक वजह माना है। उन्होंने कहा कि यदि सोनम को जमानत नहीं मिली होती तो शायद केतन अग्रवाल की हत्या नहीं हुई होती। उमा रघुवंशी ने कहा कि वह केतन की मां का दर्द समझ सकती हैं क्योंकि उन्होंने भी इसी तरह अपने बेटे को खोया है।

इंदौर के राजा रघुवंशी की हत्या पिछले साल मेघालय में कर दी गई थी। केतन की तरह ही राजा को भी गहरी खाई में धकेल दिया गया था। राजा को धक्का दिए जाने से पहले उस पर धारदार हथियार से वार भी किया गया था। सोनम कई दिनों बाद यूपी के गाजीपुर से पकड़ी गई थी। पुलिस के मुताबिक राजा रघवुंशी की पत्नी सोनम ने अपने प्रेमी राज के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारा था। हाल ही में सोनम को जमानत मिल गई है। वह इस समय मेघायल में ही रह रही है। हत्याकांड के बाद पहली बार वह मीडिया के सामने भी आई थी।

क्या बोलीं राजा रघुवंशी की मां

अब केतन अग्रवाल की हत्या के बाद जब सोनम और सिया में समानताएं तलाशी जा रही हैं तो राजा की मां उमा रघुवंशी ने कहा,’सोनम जमानत पर आई है ना… सोनम जमानत पर बाहर नहीं आई होती तो हो सकता है कि यह मर्डर नहीं होता। उस लड़की ने मंगेतर को शादी से पहले ही हटा दिया रास्ते से। क्योंकि एक को देखकर छूट मिल रही उनको यह।’उमा ने नम आंखों के साथ कहा कि वह केतन की मां का दर्द समझ सकती हैं। अपनी आपबीती को याद करते हुए उन्होंने कहा,’मैं केतन की मां का दर्द समझ सकती हूं। क्योंकि मुझ पर भी यही गुजरा है। एक मां ही मां का दर्द समझ सकती है। मैं समझ सकती हूं कि केतन की मां पर क्या बीत रही होगी।’ गौरतलब है कि सोनम रघुवंशी को हत्याकांड के करीब एक साल बाद जमानत मिली है। इससे राजा का परिवार बेहद नाराज है। सोनम की जमानत को ऊपरी अदालत में चुनौती दी गई है।

सिया ने चेतन के लिए केतन को मारा

आरोप है कि पुणे में केतन को उसकी मंगेतर सिया गोयल ने रास्ते से हटाने के लिए मार डाला। सिया का प्रेम संबंध चेतन के साथ था। जांच में यह भी पता चला है कि घटना वाले दिन सिया और चेतन लोहगढ़ किला जाने से पहले एक कैफे में मिले थे और उन्होंने केतन को खत्म करने की साजिश को अंतिम रूप दिया था। मुलाकात के दौरान दोनों ने किले की एक ऐसी उपयुक्त जगह की पहचान की, जहां से केतन को खाई में धकेला जा सके। उन्होंने हत्या की साजिश को अंजाम देने की पूरी तैयारी भी की। दोनों केतन को अपने रिश्ते में अड़चन मानते थे और इसलिए उन्होंने रियल एस्टेट कारोबारी को रास्ते से हटाने का फैसला किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *