बारिश का कहर! कीचड़ में धंसे दो कैप्सूल वाहन, 3 किमी लंबा जाम, घंटों फंसे रहे यात्री

प्रादेशिक मुख्य समाचार

सक्ती। सक्ती जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। बिर्रा–हसौद मुख्य मार्ग पर मल्दा के पास दो कैप्सूल वाहन कीचड़ में धंस जाने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।

लगातार बारिश के कारण मल्दा के पास सड़क पर जलभराव और कीचड़ हो गया। बीती रात एक कैप्सूल वाहन सड़क किनारे धंस गया, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। फंसे वाहन को निकालने पहुंचा दूसरा कैप्सूल वाहन भी खराब सड़क की वजह से कीचड़ में धंस गया। इसके बाद बिर्रा–हसौद मार्ग पूरी तरह जाम हो गया और दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।

बारिश के बीच ट्रक चालक, बस यात्री, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घंटों सड़क पर फंसे रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में इस मार्ग पर हर साल ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। सूचना मिलने पर प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और फंसे वाहनों को निकालने का प्रयास शुरू किया। हालांकि लगातार बारिश और सड़क की खराब स्थिति के कारण राहत कार्य में कठिनाई आ रही है। फिलहाल मार्ग को जल्द बहाल करने की कोशिश जारी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *