1500 KM दूर पंजाब में छिपे थे लग्जरी कार चोर! बलौदाबाजार पुलिस ने मोगा में घेरा, 6.50 लाख की वर्ना बरामद

प्रादेशिक मुख्य समाचार

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस: बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय अपराधियों का खात्मा करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सिटी कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल की टेक्निकल टीम की संयुक्त रणनीति से पंजाब के शातिर वाहन चोर गिरोह को पंजाब के मोगा शहर में दबोचकर ₹6.50 लाख की वर्ना कार बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल हुई है।

​शातिर चोरों के चोरी का तरीका

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी लवन रोड स्थित कृषि यंत्र रिपेयरिंग दुकान में काम करने के बहाने कार मालिक की गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखे हुए थे। दिनांक 22.08.2026 एवं 23.08.2026 की दरमियानी रात आरोपियों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया। शातिर आरोपियों ने सबसे पहले दुकान के बाहर खड़ी वर्ना कार (क्रमांक CG 09 JL 2169) के पहियों और बॉडी में लगी लोहे की सांकल को लोहे की भारी रॉड व हथौड़े के प्रहार से तोड़ा। इसके बाद कार का ताला तोड़कर और इग्निशन से छेड़छाड़ कर कार को मिनटों में स्टार्ट किया और बिलासपुर, प्रयागराज व दिल्ली के रास्ते होते हुए सीधे पंजाब फरार हो गए। वारदात के रास्ते में आरोपियों ने अपने पहचान छिपाने के लिए अपने मोबाइल फोन तक बेच दिए थे ताकि पुलिस उन तक न पहुंच सके।

​रोमांचक पंजाब ऑपरेशन एवं साइबर सेल की भूमिका

घटना की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में संदेही की धुंधली तस्वीर मिलते ही साइबर सेल बलौदाबाजार की टेक्निकल टीम ने मोर्चा संभाला। साइबर सेल की टीम ने अत्याधुनिक डिजिटल फॉरेंसिक और टेक्निकल डाटा के जरिए सैकड़ों संदिग्ध नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। पल-पल बदलती लोकेशन का पीछा करते हुए साइबर सेल ने आरोपियों की सटीक पिन-पॉइंट लोकेशन निकाली, जो छत्तीसगढ़ से लगभग 1,500 किलोमीटर दूर मोगा शहर (राज्य पंजाब) की निकली। ​

लोकेशन ट्रेस होते ही बलौदाबाजार पुलिस और साइबर सेल की एक विशेष टीम बिना समय गंवाए तत्काल पंजाब के लिए रवाना हुई। मोगा पुलिस के साथ तालमेल बिठाकर स्थानीय मंडी क्षेत्र में जाल बिछाया गया। आरोपी जब चोरी की वर्ना कार का ग्राहक ढूंढने जीरा रोड नई मंडी के पास पहुंचे, तभी मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को रंगे हाथ दबोच लिया। तीनों शातिर आरोपियों को पंजाब के न्यायालय में प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड पर बलौदाबाजार लाया गया है, जिन्हें बलौदाबाजार में माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।

​जप्त संपत्ति

1. ​वर्ना कार (क्रमांक CG 09 JL 2169, कीमती ₹6,50,000/-)

2. लोहे का हथौड़ा 02 नग एवं 01 नग लोहे की रॉड (घटना में प्रयुक्त)

​गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

1. ​गोविंदा पिता रंजीत सिंह, उम्र 33 वर्ष, निवासी लंडेके, थाना मोगा सिटी, जिला मोगा (पंजाब)

2. रमन कुमार पिता मंगलदास, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम जलालाबाद पूर्वी, थाना धर्मकोट, जिला मोगा (पंजाब)

3. ​सुखप्रीत सिंह पिता दिलदार सिंह, निवासी लंडेके, थाना मोगा सिटी, जिला मोगा (पंजाब)

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *